
भोपाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी 3 जून को भोपाल के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे संगठन सृजन अभियान की शुरुआत करेंगे और प्रदेश कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मैराथन बैठकें करेंगे। राहुल गांधी के दौरे की तैयारियों को लेकर रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, सीडब्ल्यूसी सदस्य कमलेश्वर पटेल, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, प्रदेश सह प्रभारी संजय दत्त, चंदन यादव, रणविजय लोचव, राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी, आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, विधायक आरिफ मसूद और प्रदेश उपाध्यक्ष रवि जोशी जैसे प्रमुख नेता उपस्थित रहे।
राहुल गांधी का 3 जून का कार्यक्रम इस प्रकार है
सुबह 10:30 बजे राहुल गांधी भोपाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सीधे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय जाएंगे।
सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक उनका पूरा दिन बैठकों और संवाद में व्यस्त रहेगा।
सबसे पहले वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक होगी, जिसमें आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
इसके बाद विधायकों और राज्यसभा सांसदों के साथ बैठक होगी। फिर प्रदेश संगठन के पुनर्गठन पर पर्यवेक्षकों और प्रभारियों से बातचीत होगी। दोपहर 1:30 बजे भोजन का समय रहेगा, जिसमें राहुल गांधी पदाधिकारियों से अनौपचारिक चर्चा करेंगे। भोजन के बाद वे रवीन्द्र भवन में आयोजित कांग्रेस अधिवेशन में भाग लेंगे। अंततः, शाम 4:30 बजे वे भोपाल से रवाना हो जाएंगे।
संगठन सृजन अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में पार्टी संगठन को फिर से मजबूत करना है। इसके अंतर्गत सामान्य कार्यकर्ताओं से लेकर विधायकों और सांसदों तक, सभी के बीच समन्वय स्थापित कर आगामी चुनावों के लिए कांग्रेस को तैयार किया जाएगा। यह दौरा आगामी चुनावों के मद्देनज़र कांग्रेस की रणनीतिक तैयारियों और आंतरिक सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
