
बर्मिंघम भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार को बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेला जाएगा। टी20 सीरीज के बाद दोनों टीमें अब 50 ओवर के प्रारूप में आमने-सामने होंगी। भारतीय टीम के लिए यह सीरीज 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों की दिशा में अहम मानी जा रही है। इस मुकाबले में सबसे बड़ी चर्चा तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह की वापसी को लेकर है। बुमराह लगभग 968 दिन बाद वनडे क्रिकेट खेलेंगे। उन्होंने अपना पिछला वनडे 2023 विश्व कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। इसके बाद वह चोट और कार्यभार प्रबंधन के कारण इस प्रारूप से बाहर रहे।
इसके अलावा रोहित शर्मा और विराट कोहली भी वनडे टीम में लौट रहे हैं। दोनों वरिष्ठ बल्लेबाज़ों की मौजूदगी से भारतीय बल्लेबाज़ी को मजबूती मिलेगी। कोहली के लिए यह मुकाबला उनके वनडे करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव भी माना जा रहा है, जबकि टीम प्रबंधन अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ 2027 विश्व कप को ध्यान में रखकर संतुलित संयोजन बनाने पर काम कर रहा है। भारत का हालिया रिकॉर्ड इंग्लैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में शानदार रहा है। भारतीय टीम ने इंग्लैंड के विरुद्ध अपने पिछले पांच वनडे मुकाबले जीते हैं और अब उसकी नजर लगातार छठी जीत दर्ज करने पर होगी।
इंग्लैंड की टीम में अनुभवी बल्लेबाज़ जो रूट की वापसी हुई है। वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज़ जोस बटलर अपने वनडे करियर का 200वां मैच खेल सकते हैं। मेज़बान टीम युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के मिश्रण के साथ भारत को कड़ी चुनौती देने की तैयारी में है। एजबेस्टन की पिच पर शुरुआती ओवरों में तेज़ गेंदबाज़ों को मदद मिलने की संभावना है, जबकि बाद में बल्लेबाज़ी अपेक्षाकृत आसान हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान बादल छाए रहने की संभावना है, हालांकि पूरे मुकाबले के बारिश से प्रभावित होने की आशंका कम बताई गई है।
