मुंबई, लोकप्रिय धारावाहिक ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में आने वाले एपिसोड में एक बड़ा मोड़ देखने को मिलेगा। अभिरा को पोद्दार फर्म की जिम्मेदारी मिलने के बाद जब वह अपने ऑफिस पहुंचती है, तो केबिन में अचानक धुआं फैलने से एक बड़ा हादसा हो जाता है। इस घटना में अभिरा और उसके परिवार के सदस्य बुरी तरह फंस जाते हैं। अरमान को जैसे ही इस अनहोनी का पता चलता है, वह अपनी जान जोखिम में डालकर ऑफिस के अंदर घुस जाता है और साहस का परिचय देते हुए बेहोश अभिरा को सुरक्षित बाहर निकाल लाता है।
अरमान और अभिरा के बीच गहराता रिश्ता
अभिरा को बचाने के दौरान खुद अरमान की हालत काफी बिगड़ जाती है, लेकिन वह हार नहीं मानता। होश में आने के बाद अभिरा को संभालते हुए, अरमान उसका ध्यान भटकाने के लिए उसे साइकिल की सैर पर ले जाता है, जो उनके बीच बढ़ते प्यार और विश्वास को दर्शाता है। दूसरी तरफ, संजय की साजिशों के बाद अब कहानी में एक नया बदलाव आने वाला है, जहां अरमान और अभिरा की जोड़ी सभी चुनौतियों का सामना करते हुए एक-दूसरे का सुरक्षाकवच बनकर उभरी है।
कावेरी की बदलती सोच
हादसे के बाद परिवार की बदलती परिस्थितियों का गहरा असर कावेरी पर भी पड़ता है। कावेरी को अपनी गलतियों का अहसास होता है और वह अरमान से माफी मांगती है। वह स्वीकार करती है कि दिशा पर अंधविश्वास करना उसका सबसे गलत फैसला था। हालांकि अरमान शुरू में माफी देने के मूड में नहीं होता, लेकिन अभिरा उसे याद दिलाती है कि कावेरी ने बुरे समय में हमेशा साथ दिया है। अंततः अरमान कावेरी को माफ करने के लिए तैयार हो जाता है, जिससे पोद्दार परिवार में फिर से सुधार की उम्मीद जगी है।

