जबलपुर:शहर में यात्री सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। दीनदयाल चौराहे पर सहायक आरटीओ संतोष पाल के मार्गदर्शन में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान 12 बसों की जांच कर नियम उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की गई।सहायक आरटीओ संतोष पाल ने बताया कि ट्रांसपोर्टेशन विभाग के निर्देशानुसार बसों की सघन जांच की गई, जिसमें ड्राइवर सीट के बाजू में अनधिकृत गेट लगे होना, इमरजेंसी गेट पर कुर्सियां लगाकर उसे अवरुद्ध करना जैसी गंभीर खामियां वाली बसों पर कार्यवाही की जा रही है।
यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े इन नियमों की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बसों के दस्तावेज जब्त किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियम तोड़ने वाले बस संचालकों से चालान वसूला जाएगा। साथ ही जो संचालक चालान जमा नहीं करेंगे, उनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से बस संचालकों में हड़कंप मच गया है।
