जबलपुर: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार 18 जनवरी को जिले में स्थित प्रत्येक मतदान केन्द्रों पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जायेगा। सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किये जाने वाले इन विशेष शिविरों में ऐसे मतदाता जिनके नाम प्रारूप मतदाता सूची में नहीं हैं तथा 1 जनवरी 2026 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, उनके नाम मतदाता सूची में जोड़े जायेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं संयुक्त कलेक्टर ज्योति परस्ते के अनुसार मतदान केन्द्र स्तर पर आयोजित इन विशेष शिविरों में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए नागरिक फार्म-6 के साथ घोषणा पत्र में माता-पिता अथवा दादा-दादी से संबंधित वर्ष 2003 की जानकारी दे सकेंगे। इसी तरह किसी भी प्रकार के संशोधन (नाम, पता, मोबाईल नंबर एवं रंगीन फोटो) के लिए फार्म-8 मतदाता द्वारा विशेष कैंप में बीएलओ को आवेदन दिये जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए दावा आपत्ति दर्ज कराने की 22 जनवरी 2026 है। प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश की वेबसाईट पर किया जा सकता है।
