छतरपुर: जिले के लवकुश नगर थाना अंतर्गत ग्राम पटना में हुई फायरिंग और मारपीट की गंभीर घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध देशी कट्टा, बोलेरो वाहन सहित अन्य सामग्री भी बरामद की है।
यह वारदात बुधवार 14 जनवरी को ग्राम पटना में हुई थी, जब आरोपियों ने एक घर में जबरन प्रवेश कर मारपीट की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। घटना की सूचना मिलते ही लवकुश नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फरियादी, पीड़ित पक्ष एवं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। इसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या के प्रयास, मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के कुछ ही समय बाद सभी छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों में बरदानी पाल उर्फ बाबादीन, राहुल पाल, नरेश उर्फ रूपेंद्र पाल, आनंद उर्फ प्रांशु पाल, सोनू उर्फ प्रिंस पाल (सभी निवासी ग्राम पटना) तथा अभिषेक उर्फ सूरजबली पाल (निवासी ग्राम जमूपुरा) शामिल हैं।
जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी प्रांशु पाल पूर्व में भी हत्या के प्रयास, पॉक्सो एक्ट और मारपीट जैसे चार अन्य मामलों में संलिप्त रहा है।पुलिस का कहना है कि प्रकरण की विवेचना जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अजय अंबे सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की सराहनीय भूमिका रही
