वेस्टइंडीज को हराकर भारत टी-20 विश्वकप के सेमीफाइनल में

कोलकाता, 01 मार्च (वार्ता) संजू सैमसन (नाबाद 97) की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने रविवार को टी-20 विश्वकप में सुपर आठ के आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज को चार गेंदें शेष रहत पांच विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। संजू सैमसन को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला। सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला इंग्लैंड से होगा।

196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत के लिए संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिये 29 रन जोड़े। तीसरे ओवर में अकील हुसैन ने अभिषेक शर्मा (10) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद जेसन होल्डर ने इशान किशन (10) को भी आउटकर पवेलियन भेज दिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव (18), तिलक वर्मा 15 गेंदों में (27) और हार्दिक पंड्या 17 रन बनाकरआउट हुये।

इस दौरान संजू सैमसन एक छोर थामे तेजी के साथ रन बनाते रहे। भारत ने 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 199 रन बनाकर मुकाबला पांच विकेट से अपने नाम करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। संजू सैमसन ने 50 गेंदों में 12 चौके और चार छक्के उड़ाते हुए नाबाद 97 रनों की पारी खेली। शिवम दुबे ने चार गेंदों में नाबाद आठ रन बनाये।

इससे पहले आज यहां रॉस्टन चेज (40), जेसन होल्डर ( नाबाद 37) और रोवमन पॉवेल (नाबाद 34 ) की शानदार पारियों के दम पर वेस्टइंडीज ने भारत को जीत के लिए 196 रनों का लक्ष्य दिया।

आज यहां भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी कप्तान शाई होप और रॉस्टन चेज की सलामी जोड़ी ने पहले 68 रन जोड़े। नौवें ओवर में वरूण चक्रवर्ती ने शाई होप को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। शाई होप ने 33 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए 32 रन बनाये। इसके बाद 12वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने शिमरॉन हेटमायर 12 गेंदों में 27 रन को और इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर रॉस्टन चेज को भी अपना शिकार बना लिया। रॉस्टन चेज ने 25 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाते हुए 40 रनों की पारी खेली। शरफेन रदरफोर्ड 14 रन बनाकर आउट हुये।

वेस्टइंडीज ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 195 रनों का स्कोर खड़ा किया। रोवमन पॉवेल ने 19 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए (नाबाद 34 ) और जेसन होल्डर ने 22 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के लगाते हुए (नाबाद 37 ) रनों की पारी खेली। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट लिये। वरुण चक्रवर्ती तथा हार्दिक पंड्या ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Next Post

ब्यावरा में श्वानों का आतंक: 6 दिन में 48 लोग हुए शिकार, दहशत में राहगीर और बच्चे

Sun Mar 1 , 2026
ब्यावरा। नगर सहित आसपास क्षेत्र एवं जिले भर में कुत्तो के काटने के मामले बढ़ रहे है, ब्यावरा सिविल अस्पताल में ही मात्र 6 दिन के भीतर ही 48 मामले कुत्ते द्वार काटने के आये. गौरतलब है कि ग्रामीण क्षेत्रों, नगर, कस्बों में कुत्तो के काटने के मामलों में बढ़ोत्तरी […]

You May Like