जबलपुर: मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद चुनाव 2026 की मतगणना प्रक्रिया दिनांक 16 जून से प्रारंभ हो गई है। मतगणना कार्य को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से इसकी कार्यवाही का प्रतिदिन यूट्यूब के माध्यम से लाइव प्रसारण किया जा रहा है। इसके साथ ही मतगणना स्थल पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की लाइव फुटेज भी प्रसारित की जा रही है।
प्रदेशभर के अधिवक्ता एवं मतदाता वास्तविक समय में संपूर्ण प्रक्रिया का अवलोकन कर पा रहे हैं।मतगणना से संबंधित प्रत्येक चरण एवं अद्यतन जानकारी मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई जा रही है। वेबसाइट पर ऑनलाइन काउंटिंग प्रक्रिया की प्रगति, मतगणना से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं तथा अन्य आवश्यक जानकारी समय-समय पर अपडेट की जा रही है।प्रदेश के हजारों अधिवक्ताओं द्वारा मतदान किए जाने के पश्चात अब मतगणना कार्य चरणबद्ध तरीके से जारी है। मतगणना प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं तथा पूरी प्रक्रिया की निगरानी निर्वाचन अधिकारियों द्वारा की जा रही है।
खुली मत पेटियां
मतगणना के प्रथम दिवस 16 जून को आगरमालवा, अलीराजपुर एवं अनूपपुर जिले की मतपेटियों को खोला गया तथा उनकी मतगणना की गई। वहीं द्वितीय दिवस 17 जून को राजेन्द्रग्राम, कोतमा, अशोकनगर, चंदेरी, ईशागढ़, मुंगावली, बड़वानी एवं अंजड़ की मतपेटियों को खोला गया तथा उनकी मतगणना की प्रक्रिया संपन्न र्क गई। मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद द्वारा अधिवक्ताओं से अपील की गई है कि वे मतगणना से संबंधित प्रमाणिक एवं अद्यतन जानकारी के लिए परिषद की आधिकारिक वेबसाइट एवं यूट्यूब लाइव प्रसारण का अवलोकन करें। मतगणना पूर्ण होने के उपरांत परिणामों की आधिकारिक घोषणा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी।
