अगर अक्षर पटेल नहीं खेलते हैं, तो उनकी जगह कुलदीप यादव को मौका मिल सकता है। ऐसे में भारत के लिए वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव, दो कलाई के स्पिनर एक साथ खेलते नजर आएंगे।
भारत ने नागपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की थी। अब आज (23 जनवरी) सीरीज का काफिला रायपुर पहुंचेगा, जहां शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच दूसरा टी20 मैच खेला जाएगा। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया जीत की लय को बरकरार रखते हुए सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
पहला मैच जीतने के बावजूद टीम इंडिया की प्लेइंग-11 में इस मुकाबले में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। यह बदलाव ऑलराउंडर अक्षर पटेल को लेकर हो सकता है, जो नागपुर मैच के दौरान गेंदबाजी करते समय चोटिल हो गए थे। हालांकि पहले मुकाबले के बाद टीम में बड़े बदलाव की जरूरत नहीं दिखती, लेकिन आगामी टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए अक्षर को आराम दिया जा सकता है।
