ई-टोकन प्रणाली, आधुनिक तकनीक और प्राकृतिक खेती से किसानों को जोड़ रहा कृषि रथ

बनखेड़ी। कृषि वर्ष 2026 के अंतर्गत 12 जनवरी से संचालित कृषि रथ का कारवां आज ग्राम पंचायत देवरी से प्रारंभ होकर ग्राम पंचायत चाँदोन एवं करपा पहुंचा। इस दौरान किसानों को आधुनिक खेती की विधियों, फसल विविधीकरण, प्राकृतिक खेती तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

ग्राम पंचायत चाँदोन में आयोजित कार्यक्रम में होशंगाबाद सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए नरवाई न जलाने की अपील की तथा कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें किसानों के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं।

वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी बनखेड़ी सुश्री रूपल राजपूत ने किसानों को ई-विकास पोर्टल एवं ई-टोकन प्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि किसान अब घर बैठे खाद-उर्वरक के लिए टोकन बुक कर सकते हैं। उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं और उनका मौके पर निराकरण भी किया।

कृषि वैज्ञानिक डॉ. बृजेश नामदेव ने किसानों को वर्तमान रबी फसलों में आ रही समस्याओं के समाधान पर मार्गदर्शन दिया तथा जायद फसल में मूंग के विकल्प के रूप में मूंगफली एवं उड़द की खेती अपनाने की सलाह दी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। साथ ही कृषि विस्तार अधिकारी सवन यादव, राहुल पहाड़े, मोहित साहू, ऋतिक गंगराड़े, एटीएम बृजेश परमार, पंचायत सचिव एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

 

Next Post

मकर संक्रांति पर मोटे के महावीर मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

Fri Jan 16 , 2026
प्रियंका सिंह छतरपुर। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर छतरपुर स्थित मोटे के महावीर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बजरंगबली के दर्शन करने पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी रही और श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामनाएं भगवान हनुमान के चरणों में अर्पित कीं। […]

You May Like