आंग सान सू की को जेल से घर में नजरबंद किया, सजा में भी कटौती

नेपीडा 01 मई (वार्ता) म्यांमार की सैन्य अधिकारियों ने देश की प्रमुख नेता आंग सान सू की को जेल से निकाल कर घर में नजरबंद कर दिया है। सरकारी मीडिया ने आधिकारिक बयानों के हवाले से बताया कि कैदियों को दी गई माफी के तहत उनकी सजा में कटौती के बाद यह फैसला लिया गया है। देश में सत्तासीन जुंटा प्रमुख मिन आंग हलिंग ने कथित तौर पर 80 वर्षीय नोबेल पुरस्कार विजेता सू की की सजा का कुछ हिस्सा कम कर दिया है और आदेश दिया है कि शेष सजा एक तयशुदा निवास स्थान पर काटी जाएगी। सुश्री सू की पिछले लगभग पांच वर्षों से जेल में थीं। उन्हें एक फरवरी, 2021 को उस समय गिरफ्तार किया गया था जब म्यांमार की सेना ने उनकी निर्वाचित सरकार को सत्ता से बेदखल कर देश का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया था। तब से वह सैन्य हिरासत में हैं और इस दौरान उन्हें सार्वजनिक रूप से बहुत कम देखा गया है।

सरकारी प्रसारक ‘एमआरटीवी’ के अनुसार, उनकी सजा का शेष हिस्सा अब जेल के बजाय घर में नजरबंदी के रूप में पूरा होगा। सैन्य सूचना विभाग ने भी इस कदम की पुष्टि की है, हालांकि उनके सटीक स्थान का खुलासा नहीं किया गया है। इसी बीच सुश्री सू की की एक नई तस्वीर भी जारी की गई है, जिसमें वह सफेद कपड़ों में एक लकड़ी के बेंच पर बैठी नजर आ रही हैं। उनके सामने दो अधिकारी मौजूद हैं, जिनमें से एक पुलिस की वर्दी में है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह तस्वीर कब और कहां ली गई है।

बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर भी उनकी सजा में कुछ कमी की गई है। वर्ष 2022 में उन्हें कई मामलों में कुल 33 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी, जिसे मानवाधिकार समूहों ने राजनीति से प्रेरित बताया था। बाद में की गई कटौतियों के बाद उनकी कुल सजा अब 18 वर्ष रह गई है। उन्हें अभी भी लगभग 13 साल की सजा काटनी है, लेकिन अब वह इसे जेल के बजाय घर में नजरबंद रहकर पूरा करेंगी।
गौरतलब है कि म्यांमार वर्तमान में एक बड़े संकट का सामना कर रहा है। 2021 के तख्तापलट के बाद से देश गृहयुद्ध जैसी स्थिति में है। सू की को घर में नजरबंद करने के फैसले को सैन्य सरकार के दृष्टिकोण में एक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, हालांकि इसके भविष्य के प्रभाव अभी स्पष्ट नहीं हैं। इससे पहले भी वह 1989 से 2010 के बीच लगभग 15 वर्षों तक हिरासत में रही थीं और म्यांमार में लोकतंत्र समर्थक आंदोलन का चेहरा बनी रही हैं।

.....

Next Post

अमेरिकी दूरसंचार उपकरणों के चीन में परीक्षण पर अमेरिकी प्रतिबंधों का चीन किया विरोध

Fri May 1 , 2026
बीजिंग/वॉशिंगटन, 01 मई (वार्ता) चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने शुक्रवार को परीक्षण, प्रमाणन और दूरसंचार के क्षेत्रों में अमेरिका की ओर से लगाए गए नए प्रतिबंधात्मक उपायों के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया है। चीन का कहना है कि ये कदम दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों की स्थिरता को […]

You May Like