![]()
इंदौर. भागीरथपुरा प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य हालात को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है. अभियान स्वास्थ्य वर्धन के तहत बुधवार को क्षेत्र में हेल्थ कैंप लगाया गया, वहीं अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी मरीज को वेंटिलेटर पर नहीं रखा गया है.
भागीरथपुरा क्षेत्र में 14 जनवरी बुधवार को अभियान स्वास्थ्य वर्धन के अंतर्गत इंडेक्स आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के सहयोग से हेल्थ कैंप आयोजित किया. कैंप में बड़ी संख्या में स्थानीय रहवासी पहुंचे और विभिन्न बीमारियों का उपचार कराया. जांच के दौरान एक मरीज डायरिया से पीड़ित पाया, जिसे तत्काल भागीरथपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया, जहां उसका उपचार किया. वहीं भागीरथपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डायरिया की शिकायत लेकर तीन मरीज पहुंचे. सभी का मौके पर ही इलाज किया. किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं पाई गई और किसी को भी रेफर करने की आवश्यकता नहीं पड़ी. मरीजों के परिवहन के लिए मौके पर दो एम्बुलेंस तैनात रखी गई है. जिला प्रशासन के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं और मजबूत की गई हैं. कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशानुसार क्षेत्र में दो एम्बुलेंस लगातार तैनात की गई हैं और 24×7 चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है. जरूरत पड़ने पर मरीजों को एमवाय अस्पताल, अरविंदो अस्पताल तथा बच्चों को चाचा नेहरू अस्पताल में रेफर किया जा रहा है. निजी अस्पतालों में इलाज कराने वाले मरीजों को भी निशुल्क जांच और दवाइयां उपलब्ध कराने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी द्वारा दिए हैं. समाचार लिखे जाने तक की स्थिति में विभिन्न अस्पतालों में कुल 440 मरीज भर्ती किए जा चुके हैं, जिनमें से 413 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं. वर्तमान में 27 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं. इनमें से 8 मरीज आईसीयू में उपचाररत हैं, जबकि किसी भी मरीज को वेंटिलेटर पर नहीं रखा गया है.
