वेनेजुएला ने चार अमेरिकी नागरिकों को किया रिहा

वाशिंगटन, 14 जनवरी (वार्ता) वेनेजुएला की अंतरिम सरकार ने कम से कम चार अमेरिकी नागरिकों को रिहा कर दिया है। केबल न्यूज नेटवर्क (सीएनएन) ने अमेरिकी विदेश विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से मंगलवार को बताया कि विदेश विभाग की एक टीम अमेरिकियों की रिहाई में मदद करने के लिए वेनेजुएला गई थी। वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद वहां कैद अमेरिकी नागरिकों की रिहाई का यह पहला ज्ञात मामला है।
विदेश विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा, “हम वेनेजुएला में हिरासत में लिए गए अमेरिकियों की रिहाई का स्वागत करते हैं।” उन्होंने कहा ‘ वेनेजुएला के अंतरिम अधिकारियों द्वारा सही दिशा में उठाया गया यह एक महत्वपूर्ण कदम है।’ वेनेजुएला के ‘पेनिटेंटरी सर्विसेज’ मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि वेनेजुएला ने 116 कैदियों को रिहा किया है, जिन पर देश की संवैधानिक व्यवस्था और स्थिरता के उल्लंघन का आरोप था।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि कैदियों को रिहा करने का निर्णय उन मामलों की समीक्षा के बाद लिया गया, जिसकी शुरुआत राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के आदेश से हुई थी। इस प्रक्रिया को कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने आगे बढ़ाया। गौरतलब है कि तीन जनवरी को अमेरिका ने वेनेजुएला पर एक बड़ा हमला किया था, जिसमें राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस को पकड़कर न्यूयॉर्क ले जाया गया था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की थी कि श्री मादुरो और उनकी पत्नी पर कथित तौर पर ‘नार्को-टेररिज्म’ में शामिल होने और अमेरिका के लिए खतरा पैदा करने के आरोपों में मुकदमा चलाया जाएगा। न्यूयॉर्क की अदालत में पेशी के दौरान हालांकि श्री मादुरो और उनकी पत्नी ने खुद को निर्दोष बताया था। अमेरिकी अभियान के संबंध में वेनेजुएला ने संयुक्त राष्ट्र की आपात बैठक बुलाई थी और वेनेजुएला के सुप्रीम कोर्ट ने अस्थायी रूप से राष्ट्राध्यक्ष की जिम्मेदारियां उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को सौंप दी थीं। पांच जनवरी को सुश्री रोड्रिग्ज ने आधिकारिक तौर पर वेनेजुएला के कार्यवाहक राष्ट्रपति का पद संभाला और नेशनल असेंबली के समक्ष शपथ ली।

Next Post

'राष्ट्रीय इंटरनेट नेटवर्क' बनायेगा ईरान

Wed Jan 14 , 2026
ईरान, 14 जनवरी (वार्ता) राष्ट्रव्यापी प्रदर्शनों के लिये अमेरिका और इजरायल को जिम्मेदार ठहराने के बाद ईरान एक बंद आंतरिक इंटरनेट नेटवर्क बनाने की योजना बना रहा है, जहां केवल सीमित संख्या में घरेलू वेबसाइटें ही चलायी जा सकेंगी। द गार्जियन अखबार ने ईरानी डिजिटल अधिकार विशेषज्ञ अमीर रशीदी के […]

You May Like