न्यूजीलैंड ने भारत को दिया 301 रनों का लक्ष्य

वड़ोदरा, 11 जनवरी (वार्ता) सलामी बल्लेबाजों डेवन कॉन्वे (56) और हेनरी निकल्स (62) के अर्धशतकों के बीच 117 रनों की ओपनिंग साझेदारी के बाद डैरिल मिचेल के तूफानी 84 रनों की बदौलत न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ रविवार को पहले एकदिवसीय 50 ओवरों में आठ विकेट पर 300 रन का मजबूत स्कोर बना लिया। मिचेल ने 71 गेंदों में अपनी तूफानी पारी में पांच चौके और तीन छक्के लगाये। कॉन्वे ने 67 गेंदों में छह चौके और एक छक्का मारा जबकि निकल्स ने 69 गेंदों में आठ चौके लगाये। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा ने दो-दो विकेट लिये। कुलदीप यादव ने 52 रन देकर एक बल्लेबाज को आउट किया।

आज यहां भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। 20 ओवरों के बाद भारतीय गेंदबाजों (हर्षित राणा) ने पिच पर जम चुके न्यूजीलैंड के दोनों सलामी हेनरी निकल्स और डेवन कॉन्वे के विकेट झटक कर अपनी टीम की मैच में वापसी कराई। इसके बाद मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा ने तीन अन्य विकेट लेकर न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को दबाव में लाकर उनके रनों की रफ्तार पर लगाम लगाई। विल यंग (12), ग्लेन फिलिप्स (12), मिचेल हे 18 रन बनाकर आउट हुये। क्रिस्टियन क्लार्क ने 17 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से नाबाद 24 रन बनाये और न्यूजीलैंड को 300 तक पहुंचाया।

इसके बाद कप्तान माइकल ब्रेसवेल ने डैरिल मिचेल के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों के बीच छठे विकेट के लिए 39 रनों की साझेदारी हुई। 43वें ओवर में श्रेयस अय्यर ने माइकल ब्रेसवेल (16) को रनआउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। अगले ही ओवर में मोहम्मद सिराज ने जैकरी फॉक्स को बिना खाता खोले ही पवेलियन भेज दिया। 48वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने शतक की ओर बढ़ रहे डैरिल मिचेल को पगबाधा आउटकर न्यूजीलैंड को आठवां झटका दिया।

Next Post

टाटा मुंबई मैराथन में शीर्ष इंटरनेशनल धावक हिस्सा लेंगे

Sun Jan 11 , 2026
मुंबई, 11 जनवरी (वार्ता) टाटा मुंबई मैराथन 18 जनवरी को अपने 21वें एडिशन में प्रवेश करेगा, जिसमें कई इंटरनेशनल एथलीट शामिल होंगे जो पुरुषों और महिलाओं दोनों की रेस में इवेंट रिकॉर्ड को चुनौती देने में सक्षम हैं। वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल रोड रेस, मुंबई मैराथन की स्टार्ट लिस्ट में […]

You May Like