
नलखेड़ा, 25 फरवरी. महाशिवरात्रि के अवसर पर नगराधिपति बाबा बैजनाथ महादेव आगर के आंगन में सुबह से लेकर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही चलती रहेगी. इस पावन पर्व पर उमडऩे वाले श्रद्धा के सैलाब को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं. मंदिर परिसर से लेकर पार्किंग स्थल तक करीब 180 से अधिक पुलिसकर्मी सहित दर्जनों अधिकारी व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रहेंगे. वहीं श्रद्धालुओं के लिए करीब 125 क्विंटल फरियाली खिचड़ी तैयार होने का सिलसिला भी आरंभ हो चुका है.
महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर जन जन की आस्था के केन्द्र विश्व प्रसिद्ध बाबा बैजनाथ महादेव की एक झलक पाने के लिए लाखों श्रद्धालु मंदिर पहुंचेंगे. श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई समस्या न हो इसके लिए बकायदा मंदिर परिसर में विशाल शामियाना एवं बैरिकेड्स लगाए गए है. बढ़ती गर्मी एवं धूप को दृष्टिगत रखते हुए इस बार शामियाना मंदिर परिसर से आगे मैदान तक बढ़ाया गया है. इसी तरह यातायात पुलिस द्वारा पार्किंग व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए प्रबंध किए गए. हाईवे पर स्थित मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार से किसी भी तरह के वाहन को आने की अनुमति नही मिलेगी. वहीं बड़े वाहनों को जेल परिसर के पास बने पार्किंग स्थल पर रोक दिया जाएगा.
ऑस्ट्रेलिया से दी महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं
बाबा बैजनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार करवाने वाले अंग्रेज करनल मार्टिन की परिजन शांति ने इस साल मंगलवार शाम 5 बजे महाशिवरात्रि के मौके पर आगरवासियों के लिए एक विशेष बधाई संदेश भेजा. इस संदेश में उन्होंने बाबा बैजनाथ के प्रति अपनी श्रद्धा और आस्था का उल्लेख करते हुए आगर वासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं.
