‘राष्ट्रीय इंटरनेट नेटवर्क’ बनायेगा ईरान

ईरान, 14 जनवरी (वार्ता) राष्ट्रव्यापी प्रदर्शनों के लिये अमेरिका और इजरायल को जिम्मेदार ठहराने के बाद ईरान एक बंद आंतरिक इंटरनेट नेटवर्क बनाने की योजना बना रहा है, जहां केवल सीमित संख्या में घरेलू वेबसाइटें ही चलायी जा सकेंगी। द गार्जियन अखबार ने ईरानी डिजिटल अधिकार विशेषज्ञ अमीर रशीदी के हवाले से बुधवार को यह जानकारी दी। नेटब्लॉक्स इंटरनेट मॉनिटरिंग सेवा ने आठ जनवरी को कहा था कि मौजूदा विरोध प्रदर्शनों की शुरुआत के बाद से ईरान में पहली बार देशव्यापी इंटरनेट ब्लैकआउट हुआ है। रिपोर्ट में कहा गया कि ईरान की सरकारी प्रसारण कंपनी ने पहले उन वेबसाइटों की एक सूची प्रकाशित की थी जो ईरान में चलायी जा सकेंगी। इसमें घरेलू सर्च इंजन, नेविगेशन सेवाएं, मैसेजिंग ऐप और यहां तक कि अमेरिका के नेटफ्लिक्स जैसी एक मालिकाना स्ट्रीमिंग सेवा भी शामिल है।

श्री रशीदी ने कहा कि ये सभी वेबसाइट एक राष्ट्रीय इंटरनेट सेवा बनाने के ईरान के प्रयास का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि वेब का यह “ढांचा” स्वरूप चीन की तुलना में भी काफी अधिक प्रतिबंधित है। यह सरकार द्वारा नियंत्रित और काफी हद तक बाहरी दुनिया से कटा हुआ है। उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2025 के अंत में ईरान में स्थानीय मुद्रा, ईरानी रियाल के कमजोर होने के कारण बढ़ती महंगाई की चिंताओं के बीच विरोध प्रदर्शन शुरू हो गये थे। सन् 1979 में अपदस्थ किये गये ईरान के आखिरी शाह के बेटे रज़ा पहलवी के आह्वान के बाद ईरान में आठ जनवरी से विरोध मार्च तेज हो गए हैं। उसी दिन देश में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गयी थीं।
कई ईरानी शहरों में प्रदर्शनकारियों ने सरकार की आलोचना करते हुए नारे लगाए, जिससे विरोध प्रदर्शन पुलिस के साथ झड़पों में बदल गए। सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच लोगों के हताहत होने की खबरें आई हैं, लेकिन कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं हुआ है।

Next Post

ताइवान का मुद्दा उसका आंतरिक मामला: चीन

Wed Jan 14 , 2026
बीजिंग, 14 जनवरी (वार्ता) चीन ने कहा है कि ताइवान का मुद्दा चीन का आंतरिक मामला है, और इसका समाधान केवल चीनी जनता द्वारा ही किया जाएगा। चीन की ताइवान मामलों की परिषद की प्रवक्ता झू फेंगलिएन ने बुधवार को यह टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा न्यूयॉर्क टाइम्स को […]

You May Like