चाइनीज मांझे की चपेट में आया विशाल उल्लू, रेस्क्यू कर बचाई गई जान

छतरपुर। शहर की एमपीबीई स्टोर कॉलोनी में चाइनीज मांझे की वजह से एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कॉलोनी में स्थित करीब 50 फीट ऊंचे पेड़ पर एक विशाल उल्लू चाइनीज मांझे में फंस गया, जिससे वह लंबे समय तक खुद को छुड़ाने के लिए फड़फड़ाता रहा। संघर्ष के दौरान उल्लू को चोटें भी आईं और वह उड़ने में असमर्थ हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सबसे पहले आसपास की बिजली सप्लाई बंद कराई गई। इसके बाद कर्मचारियों ने सीढ़ी और आवश्यक उपकरणों की मदद से पेड़ पर चढ़कर उल्लू तक पहुंच बनाई।

रेस्क्यू के दौरान पाया गया कि चाइनीज मांझा उल्लू के पंखों और पंजों में बुरी तरह उलझा हुआ था, जिसके कारण वह पूरी तरह फंसा हुआ था। टीम ने अत्यंत सावधानी के साथ मांझे को काटकर उल्लू को आजाद कराया और सुरक्षित नीचे उतारा। प्राथमिक जांच में किसी गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई, हालांकि मामूली घाव पाए गए।

रेस्क्यू के बाद उल्लू को वन विभाग की निगरानी में सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। इस घटना के बाद वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे चाइनीज मांझे का प्रयोग न करें, क्योंकि यह न सिर्फ इंसानों बल्कि पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है।

Next Post

गांजा तस्करी पर सरवई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

Tue Jan 13 , 2026
छतरपुर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरवई थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोमवार–मंगलवार की दरमियानी रात पुलिस ने रानीखेड़ा–खुड़ेही रोड पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 800 ग्राम गांजा, एक अपाचे मोटरसाइकिल और […]

You May Like