
इंदौर. प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के बिक्री और उपयोग पर रोक को लेकर एमआईजी पुलिस ने क्षेत्र में सख्त रुख अपनाते हुए पैदल मार्च निकालकर लोगों को जागरूक किया. एलआईजी क्षेत्र से लेकर प्रेस कॉम्प्लेक्स तक निकाली गई इस रैली के जरिए साफ संदेश दिया कि चाइनीज मांझा बेचने या इस्तेमाल करने पर सख्त कार्रवाई के साथ अपराध भी दर्ज किया जाएगा.
पैदल मार्च का नेतृत्व सहायक पुलिस उपायुक्त परदेसीपुरा हिमानी मिश्रा और थाना प्रभारी एमआईजी सीबी सिंह ने किया. पुलिस बल के साथ निकली रैली के दौरान आम नागरिकों, दुकानदारों और व्यापारियों को प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से होने वाले खतरों के बारे में जानकारी दी गई. अधिकारियों ने बताया कि यह मांझा न सिर्फ मानव जीवन के लिए घातक है, बल्कि पक्षियों और पशुओं के लिए भी गंभीर खतरा बन रहा है. मार्च के दौरान पुलिस ने क्षेत्र में हॉटस्पॉट चेकिंग भी की। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई और दुकानों की जांच की गई. दुकानदारों को स्पष्ट हिदायत दी गई कि वे निर्धारित समय पर अपनी दुकानें बंद करें और किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित सामग्री का विक्रय न करें. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
