मुरैना:पन्ना जिले के इटाए गांव से दिल्ली जा रहा एक 13 वर्षीय बालक मुरैना जिले के हेतमपुर रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन से गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आई हैं। वह अभी मुरैना जिला अस्पताल में भर्ती है और बेहोशी की हालत में है।घायल छात्र का नाम कृष्ण कुमार वंशकार है, जो कक्षा आठवीं का छात्र है। वह पन्ना जिले के इटाए गांव का रहने वाला है।
परिजनों के मुताबिक वह दिल्ली में काम की तलाश में अकेले ही ट्रेन से निकला था। घटना की जानकारी कृष्ण के चाचा रतिराम वंशकार को फोन पर किसी जीआरपी कर्मी ने दी। इसके बाद कृष्ण के पिता प्रेमलाल वंशकार और चाचा मुरैना पहुंचे। हादसे के बाद रेलवे कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से बालक को मुरैना जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार सिर में गंभीर चोट के कारण वह अभी तक होश में नहीं आया है।
