गरोठ पुलिस ने एमडी ड्रग फैक्ट्री का किया भंडाफोड़, भारी मात्रा में केमिकल व उपकरण जब्त

गरोठ। थाना गरोठ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सूरजना स्थित खेत के कुएं पर संचालित एमडी (मेथामफेटामिन) फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। मौके से 102 ग्राम एमडी सहित एमडी निर्माण में प्रयुक्त केमिकल, उपकरण एवं अन्य सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ श्रीमती हेमलता कुरील एवं एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गरोठ निरीक्षक हरीश मालवीय व टीम ने मुखबिर सूचना पर दबिश दी। मौके पर दो आरोपी एमडी बनाते हुए पाए गए।

पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम दीपक पिता राधेश्याम सिकलीगर (32) एवं सुमित पिता राजाराम सिकलीगर (19) निवासी सूरजना बताए। आरोपियों के कब्जे से लगभग 12 किलो 610 ग्राम केमिकल मिश्रण, एमडी निर्माण में सहायक तरल व पाउडर, गैस सिलेंडर, सेंट्रीफ्यूज मशीन, चूल्हा-भट्टी, बर्तन, तार एवं दो मोबाइल फोन जब्त किए गए।

थाना गरोठ में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 50/2026 धारा 8/15, 22, 29, 30 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।

पुलिस की इस कार्रवाई में थाना गरोठ सहित अन्य थानों की टीमों का सराहनीय योगदान रहा।

मंदसौर पुलिस प्रदेशभर में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को लेकर पूर्णतः प्रतिबद्ध एवं दृढ़ संकल्पित है।

Next Post

ट्रेड डील: किसानों को भाषण नहीं, लिखित गारंटी चाहिए-पटवारी

Sun Feb 8 , 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रस्तावित भारत–अमेरिका ट्रेड डील को लेकर केंद्र सरकार द्वारा जारी संयुक्त बयान पर गंभीर आपत्ति जताई है और इसके भारतीय किसानों पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर सवाल उठाए हैं। भोपाल में इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए पटवारी […]

You May Like