
विंध्य की डायरी
डॉ संजय पयासी
कभी-कभी कुछ ऐसा हो जाता है,जिसकी कल्पना कम ही की जाती है. प्रदेश भर के नगरीय निकाय के जिम्मेदार अधिकारियों की बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख एसीएस संजय दुबे की कही गई बात के वायरल वीडियो ने तीन इंजन की सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है. फिलहाल चर्चा का विषय बन चुके इस मामले को लेकर विंध्य के नगरीय निकाय के कर्ताधर्ता सकते में हैं. बड़े पैमाने पर लूटखसोट का अड्डा बन चुके नगरीय निकायों की कलई ऐसे समय खोली गई है जब नगरीय निकायों में चुनावी सरगर्मियां हल्की-फुल्की शुरू हो गई हैं. हालांकि प्रदेश के ज्यादातर बड़े नगरीय निकाय पिछले कई वर्षों से देश के सर्वश्रेष्ठ ब्यूरोक्रेट भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के हाथों में है. ऐसी स्थिति में एसीएस की कही बात से आईएएस लाबी में भी खींचतान शुरू हो गई है. बताया जा रहा है कि कई अधिकारियों ने इस बात पर कमर कस ली है कि अगर उंगली उनके ऊपर उठी तो वे सबकी कलई खोल कर रख देंगे.इस मामले में सरकार ने भी अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है. स्वयं विभाग की राज्यमंत्री ने बयान का वीडियो जारी कर इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की बात दोहराई है. उल्लेखनीय है कि एसीएस ने कहा था की नगरीय निकायों में कितना भ्रष्टाचार हो रहा है यह उनकी जानकारी में है यह भी जानकारी में है कि कितने में माल खरीदा जाता है और उसकी वास्तविक कीमत क्या होती है.
विंध्य को जोडऩे वाली पहली ट्रेन दौड़ी
कई दशक पूर्व देखा गया सपना आखिरकार साकार होता नजर आ रहा है. पहली बार विंध्य से बुंदेलखंड रेल मार्ग से सीधे जुड़ गया है. शनिवार का दिन समूचे विंध्य और बुंदेलखंड के लिये ऐतिहासिक क्षण रहा जब दोनो को जोडऩे वाली पहली ट्रेन छुक-छुक करती तेज हार्न के साथ पटरियों पर दौड़ी.चुरहट से शुभारंभ के साथ प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला एवं रीवा व सीधी सांसद ने आम नागरिकों के साथ पहली ट्रेन में चुरहट से गोविंदगढ़ तक यात्रा की की.उधर नागौद में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी,सांसद द्वय गणेश सिंह और ब्रम्हदेव शर्मा,विधायक नागेंद्र सिंह ने झंडी दिखाकर देवेंद्रनगर के लिए रवाना किया.सांसद शर्मा भी उसमें सवार होकर देवेंद्रनगर तक गए.इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रवासियों के साथ रेल सेवा शुरू होने की खुशी साझा की. वर्षों से रेल कनेक्टिविटी की प्रतीक्षा कर रहे क्षेत्र के लोगों के लिए यह यात्रा विशेष महत्व रखती है. पहली बार अपने क्षेत्र में ट्रेन का संचालन होते देख आम नागरिकों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह रहा.
विंध्य में कांग्रेस की सक्रियता बढ़ी
पूरी तरह छिन्न-भिन्न हो चुकी विंध्य में काग्रेस के नए सिरे से जोड़े जा रहे ताने-बाने का असर धीरे-धीरे ही सही दिखने लगा है. हालांकि अनुभव के अभाव में बिना मजबूत सहारे के आगे बढ़ रहे नए दायित्वाधिकारी आगे बढ़ने के बजाय सत्ता की उलझनों में कुछ ऐसे उलझ जाते हैं कि उनके परिणाम कम नजर आते हैं. फिर भी जानकार यह मान रहे हैं कि कारवाँ बढ़ रहा है. कमजोर ही सही पर विपक्ष की भूमिका निर्वाह में फिलहाल कोई कोताही नजर नहीं आ रही है.
