ट्रम्प ने ‘वेनेजुएला के कार्यवाहक राष्ट्रपति’ के रूप में खुद की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की

वॉशिंगटन/काराकस, 12 जनवरी (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक तस्वीर साझा की है जिसमें उन्होंने खुद को वेनेजुएला का “कार्यवाहक राष्ट्रपति” भी बताया है।

साझा की गई तस्वीर एक विकिपीडिया पेज का डिजिटल रूप से संपादित स्क्रीनशॉट है। इसमें श्री ट्रम्प को जनवरी 2026 से पदस्थ लिखा गया है। इसके अलावा इस तस्वीर में उन्हें अमेरिका के 45वें और 47वें राष्ट्रपति के रूप में भी दर्शाया गया है।

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिकी सेनाओं के अगवा किए जाने के बाद श्री ट्रम्प ने कहा था कि अमेरिका फिलहाल वेनेजुएला का “संचालन” तब तक करेगा, जब तक कि एक “सुरक्षित, उचित और विवेकपूर्ण सत्ता समाधान ” सुनिश्चित नहीं हो जाता। श्री ट्रंप ने जोर देकर कहा कि अमेरिका देश का नियंत्रण ऐसे किसी भी व्यक्ति के हाथ में जाने का जोखिम नहीं उठा सकता, जिसके मन में वेनेजुएला के लोगों के प्रति नेक इरादे न हों।

अमेरिकी फौजें श्री मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस को हिरासत में लेने के बाद विमान से न्यूयॉर्क लायी थीं। उन पर ‘नार्को-टेररिज्म’ (नशीले पदार्थों से जुड़े आतंकवाद) और इसकी साजिश रचने के औपचारिक आरोप लगाए गए हैं।

इस चौंकाने वाले घटनाक्रम के बाद वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति और तेल मंत्री डेल्सी रोड्रिग्ज ने पिछले सप्ताह देश की अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी।

श्री ट्रम्प यह भी कह चुके हैं कि वेनेजुएला के अंतरिम अधिकारी अमेरिका को तीन से पांच करोड़ बैरल “उच्च गुणवत्ता वाला तेल” सौंपेंगे। उन्होंने बताया कि इस तेल को बाजार मूल्य पर बेचा जाएगा। श्री ट्रम्प का मानना है कि यह कदम वेनेजुएला के संसाधनों के प्रबंधन में पारदर्शिता और स्थिरता सुनिश्चित करेगा।

 

 

 

Next Post

जियोब्लैकरॉक ने लॉन्च की अपनी वेबसाइट, निवेश के बारे में उपलब्ध होंगे शैक्षणिक संसाधन

Mon Jan 12 , 2026
मुंबई, 12 जनवरी (वार्ता) जियो ब्लैकरॉक इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स ने सोमवार को अपने आधिकारिक वेबसाइट की लॉन्चिंग की घोषणा की। जियो फाइनेंशियल सर्विसेज और ब्लैकरॉक के संयुक्त उद्यम वाली कंपनी ब्लैकरॉक इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स ने बताया की उसने जियोब्लैकरॉकडॉटकाम के नाम से अपनी वेबसाइट लॉन्च की है। इस पर वह लोगों को […]

You May Like