नयी दिल्ली, (वार्ता) दिल्ली आईएयू 50 किमी विश्व चैंपियनशिप 2025 की मेजबानी सात दिसंबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में करेगी।
आईएयू 50 किमी विश्व चैंपियनशिप 2025 का आयोजन इंटरनेशनल असोसिएशन ऑ अल्ट्रा रनर्स (आईएयू) और भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) के सहयोग से किया जाएगा जिसमें जर्मनी, जापान, चीनी ताइपे, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, ग्रेट ब्रिटेन, स्पेन, यूएसए, क्रोएशिया, डेनमार्क, थाईलैंड, अर्जेंटीना, मेक्सिको, ब्राजील, नॉर्वे, नीदरलैंड, पोलैंड, स्वीडन, कनाडा और भारत भाग लेंगे।
भारत दूसरी बार इस चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। इससे पहले उसने 2023 में हैदराबाद में इस चैंपियनशिप की मेजबानी की थी। तब भारत की पुरुषों की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया था। भारत को 2025, 2027 और 2029 में अगली तीन चैंपियनशिप की मेजबानी भी दी गयी है।
आज यहां एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी गयी। इस अवसर पर एएफआई के पूर्व अध्यक्ष और वर्ल्ड एथलेटिक्स के कौंसिल सदस्य आदिल सुमारिवाला भी मौजूद थे।
चैंपियनशिप में 40 देशों से लगभग 300 अल्ट्रा रनर्स भाग लेंगे। मेजबान भारत दुनिया के शीर्ष अल्ट्रा रनर्स से मुकाबला करने के लिए मजबूत टीम उतरेगा और उसका लक्ष्य अपने पदक के रंग में सुधारकर उसे स्वर्ण पदक में बदलना होगा।
हैदराबाद में स्पेन ने स्वर्ण और ब्रिटेन ने कांस्य पदक जीता था। महिला वर्ग में ब्रिटेन ने स्वर्ण, यूएसए ने रजत और क्रोएशिया ने कांस्य पदक जीता था।
