नयी दिल्ली 11 जनवरी (वार्ता) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के शालीमार बाग में आम आदमी पार्टी (आप) की महिला कार्यकर्ता रचना यादव की गोली मारकर हत्या किए जाने के एक दिन बाद रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को घेरा तथा राष्ट्रीय राजधानी में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराने का आरोप लगाया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए श्री केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि अब कोई भी यहां सुरक्षित नहीं है। श्री केजरीवाल ने पोस्ट में लिखा , “मुख्यमंत्री के अपने ही विधानसभा क्षेत्र की यह घटना भाजपा सरकार की विफलता और कानून-व्यवस्था के पूरी तरह ध्वस्त होने का सबूत है। यह घटना अत्यंत निंदनीय और अस्वीकार्य है। आम आदमी पार्टी की साहसी कार्यकर्ता रचना यादव के परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।”
आप ने भी ‘एक्स’ पर इस घटना को दिल दहला देने वाली और शर्मनाक बताया। पार्टी ने कहा, “दिल्ली के शालीमार बाग में आम आदमी पार्टी की कार्यकर्ता रचना यादव की दिनदहाड़े, उनके घर के बाहर गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था की पूरी तरह विफलता को उजागर करती है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।”
पार्टी ने पोस्ट में कहा, “मुख्यमंत्री के अपने विधानसभा क्षेत्र में इस तरह का जघन्य अपराध होना बिल्कुल अस्वीकार्य है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें।”
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जांच जारी है। पुलिस ने कुछ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं और कहा है कि वे मामले को सुलझाने के करीब हैं।
