
जबलपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने जबलपुर के मानस भवन में आयोजित स्वागत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों को फसल बीमा जैसी योजना बनाकर भी दे सकती थी, लेकिन कांग्रेस ने मध्यप्रदेश के किसानों को मुलताई गोलीकांड जैसा जिंदगी में कभी नहीं भरने वाला जघन्य घाव दिया है। भारतीय जनता पार्टी एक मात्र ऐसा राजनीतिक दल है जो कार्यकर्ताओं की मेहनत और परिश्रम से चलता है। भाजपा कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच कड़ी की भूमिका निभाए और समाज में आदर्श स्थापित करें।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी की कांग्रेस ने देश के गरीबों, आदिवासियों की टपकती झोपड़ी को कभी सुधारने का प्रयास नहीं किया। गरीबों, जनजातियों को बीमारी में कभी निःशुल्क इलाज की चिंता नहीं की। गांवों, मजरों, टोलों, गरीबों और आदिवासियों की बस्तियों को कभी सड़क से जोड़ने का प्रयास कांग्रेस ने कभी नहीं किया। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद मंचासीन रहे। कार्यक्रम को प्रदेश शासन के मंत्री राकेश सिंह, पूर्व मंत्री व विधायक अजय विश्नोई, प्रदेश उपाध्यक्ष व सांसद सुमित्रा वाल्मीकि, प्रदेश मंत्री व सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी, संतोष बरकड़े, नीरज सिंह एवं अभिलाष पाण्डे ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर एवं आभार ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल ने व्यक्त किया।
वरिष्ठ नेताओं के निवास पहुंचकर की मुलाकात
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद जयश्री बनर्जी, पूर्व सांसद रविनंदन सिंह एवं प्रदेश शासन के मंत्री राकेश सिंह के निवास, सांसद आशीष दुबे के कार्यालय पहुंचकर मुलाकात की।
