उज्जैन:विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकालेश्वर के मंदिर में हाल फिलहाल दो सुरक्षा कंपनियां जिम्मेदारी संभाल रही है. महाराष्ट्र की क्रिस्टल कंपनी का जहां ठेका पूरा हो चुका है और दिल्ली की नई कोर ग्रुप कंपनी 1000 सुरक्षा कर्मियों के साथ जहां काम शुरू करेगी. उसके बीच उहापोह का दौर चल रहा है, महाकाल मंदिर प्रबंध समिति ने अभी तक नई कंपनी को वर्क आर्डर जारी नहीं किया है.
नवभारत को मिली जानकारी के अनुसार 15 जनवरी से दिल्ली की कोर सिक्योरिटी कंपनी कामकाज अधिकृत तौर पर जिम्मेदारी संभाल सकती है. मंदिर में अब तक पुरानी क्रिस्टल कंपनी के सभी गार्ड सेवाएं दे रहे हैं. मंदिर प्रबंधन ने नई कंपनी को वर्क आर्डर सौपने की तैयारी कर ली है.
14 से 18 जनवरी तक महाकाल उत्सव
इसी बीच सुरक्षाकर्मियों के बीच यह बातचीत भी चल रही है कि 14 जनवरी से 18 जनवरी के बीच में वृहद स्तर पर महाकाल उत्सव होने जा रहा है जिसकी तैयारियां भी मंदिर प्रशासन द्वारा की जा रही है, जिसमें वीर भारत न्यास, संस्कृति मंत्रालय और जिला प्रशासन के अधिकारी व्यवस्था बना रहे हैं, ऐसे में पुरानी कंपनी की जगह नई कंपनी को जिम्मेदारी देने की प्रक्रिया महाकाल उत्सव के चलते टल भी सकती है.
1300 को दी ट्रेनिंग, 400 पुराने
इधर, नई सुरक्षा कंपनी कोर ग्रुप ने अब तक लगभग 1300 से अधिक नए कर्मचारियों को ट्रेनिंग दे दी है, लगभग 1000 की संख्या में सुरक्षाकर्मी की आवश्यकता है, ऐसे में 400 सुरक्षा कर्मचारी पुरानी क्रिस्टल कंपनी से भी लिए गए हैं और उन्हें भी नई कंपनी से जोड़ लिया गया है. पुरानी सुरक्षा कंपनी के जो पात्र व निर्विवाद कर्मचारी हैं जिनका रिकॉर्ड खराब नहीं रहा है उन्होंने कभी विवाद नहीं किए हैं, ऐसे सुरक्षा गार्डस को भी नई कंपनी मौका देगी.
फोर्स से सेवानिवृत को नौकरी
महाकाल मंदिर में सुरक्षा जिम्मेदारी संभालने वाली कोर ग्रुप कंपनी ने कुछ नवाचार भी किए है जिसमें कर्मचारियों नियुक्तियों से लेकर वेतन पर बड़ा निर्णय लिया है, अगले महीने से कर्मचारियों को बड़ी हुई सैलरी दी जाएगी. साथ ही आर्मी से रिटायर्ड कर्मचारियों को भी नौकरी दी जा रही है, जिन्हें गनमैन बनाया जाएगा. सुरक्षा के मद्देनजर हाईटेक व्यवस्था की जा रही है, कई सारे आधुनिक सुरक्षा यंत्र भी कर्मचारियों को उपलब्ध कराए जाएंगे, कर्मचारियों की फिटनेस, उम्र स्वास्थ्य व क्राइम रिकॉर्ड का आकलन भी किया जा रहा है, जो पुराना कर्मचारी या नया आवेदक क्राइटेरिया में आएंगे, उन्ही को रखा जाएगा.
