छतरपुर में डेढ़ साल के बच्चे को छोड़कर मां गायब, मोबाइल, नगदी और जेवरात भी साथ ले गई

छतरपुर। जिले के लवकुश नगर थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला अपने डेढ़ वर्ष के मासूम बच्चे को घर में छोड़कर लापता हो गई। महिला के ससुराल पक्ष ने आरोप लगाया है कि वह अपने प्रेमी के साथ फरार हुई है। घटना के बाद से परिवार सदमे में है और मासूम बच्चा मां के बिना लगातार रो रहा है।

जानकारी के अनुसार, महिला बुधवार सुबह करीब 11 बजे अचानक घर से निकल गई। काफी समय तक उसके वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। पहले आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की गई, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने मायके पक्ष से संपर्क किया और फिर लवकुश नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

परिजनों का कहना है कि वह अपने साथ मोबाइल फोन के अलावा घर में रखी नगदी और जेवरात भी ले गई है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह किसके साथ गई है और कहां है। महिला का पति रोजगार के सिलसिले में सूरत में रहता है। बताया जा रहा है कि वह करीब 25 दिन पहले ही सूरत से ससुराल आई थी।

घटना के बाद से घर में मौजूद डेढ़ साल का बच्चा मां के बिना बेहद परेशान है। परिवार की महिलाएं बच्चे को संभाल रही हैं, लेकिन पूरे परिवार में चिंता और तनाव का माहौल है।

इस मामले में महिला की सास और देवर ने थाने में शिकायती आवेदन दिया है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। लवकुश नगर के एसडीओपी नवीन दुबे ने बताया कि महिला की तलाश की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Next Post

वन विभाग कर रहा अनुभूति के कार्यक्रम

Thu Jan 8 , 2026
दमोह। वन विभाग अधिकारी डीएफओ ईश्वर जरांडे के निर्देशन में जिलेभर में अनुभूति के कार्यक्रम आयोजित किय जा रहे हैं.आज वन परिक्षेत्र दमोह अंतर्गत सुहेला बीट में अनुभूति का कार्यक्रम आयोजित किया गया. जिसमें वन परिक्षेत्र अधिकारी विक्रम चौधरी के अलावा उनकी टीम मौजूद है और अनुभूति कार्यक्रम में बच्चों, […]

You May Like