
जबलपुर। नगर निगम की कार्यप्रणाली में इन दिनों पारदर्शिता और जवाबदेही की एक नई झलक देखने को मिल रही है। कागजी दावों से जगह अब निगम का काम जमीनी धरातल पर स्पष्ट रूप से नजर आने लगा है। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार की सतत निगरानी और सक्रियता के चलते शहर की स्वच्छता व्यवस्था, वायु गुणवत्ता और विकास कार्यों को एक नई गति मिली है। इस संबंध में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने बताया कि शहर की वायु गुणवत्ता में प्रभावी सुधार लाने के लिए नगर निगम ने मोर्चा खोल दिया है। धूल के कणों को नियंत्रित करने के लिए प्रमुख सड़कों और फ्लाई ओवरों पर लगातार वाटर स्प्रिंकलिंग की जा रही है। विशेष अभियान चलाकर फ्लाई ओवरों की धुलाई की जा रही है, ताकि वाहन गुजरते समय धूल न उड़े। इस कदम से न केवल प्रदूषण कम हुआ है, बल्कि सड़कों की चमक भी वापस लौट आई है।
स्वच्छता को लगे ‘चार चांद
निगमायुक्त ने ये भी बताया कि शहर को स्वच्छ बनाने के संकल्प में ‘सफाई मित्र अपनी जान झोंक रहे हैं। स्वच्छता के मानकों को उच्च स्तर पर ले जाने के लिए सफाई कर्मी संकरी नालियों के भीतर घुसकर भी सफाई कर रहे हैं, ताकि जल निकासी बाधित न हो और बीमारी का खतरा कम रहे। निगम प्रशासन द्वारा इन सफाई मित्रों की सुरक्षा और उनके श्रम के सम्मान पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे उनके मनोबल में वृद्धि हुई है।
