
इंदौर. पीआरटीएस में प्रशिक्षण ले रहे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने गुरुवार को इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के कंट्रोल रूम का शैक्षणिक भ्रमण किया. इस दौरान उन्हें डायल-100 सेवा, सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम और कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई.
यह भ्रमण तीन से पांच जून तक चल रहे तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का हिस्सा था, जो पुलिस मुख्यालय के निर्देश और पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया है. अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुरक्षा प्रमोद सोनकर के निर्देशन में सहायक पुलिस आयुक्त कंट्रोल रूम सुभाष सिंह व अन्य अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों को पलासिया स्थित कंट्रोल रूम का अवलोकन कराया. अधिकारियों ने कंट्रोल रूम की संरचना, डायल-100, 112 इमरजेंसी एप, सीसीटीवी संचालन, हेल्पलाइन सेवाएं, डीएसआर प्रणाली, जिले में होने वाले आयोजनों, जुलूसों व अन्य विशेष परिस्थितियों में कंट्रोल रूम की भूमिका की जानकारी दी. इस दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों-कर्मचारियों ने कई सवाल भी पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से समझाया. भ्रमण में रेडियो सब उपनिरीक्षक अभिलाष सिंह, रोहित गुप्ता, आरक्षक देवेश शर्मा और धीरज सहित कंट्रोल रूम स्टाफ उपस्थित थे.
