
इंदौर. एटीएम बूथ पर बुजुर्गों से ठगी के मामले में पकड़े गए तीनों आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर हैं. पूछताछ में आरोपियों ने अब तक तीन वारदातें करना कबूल किया है. इस मामले में विजयनगर थाने में एक और प्रकरण दर्ज किया है.
दो दिन पहले नंदानगर संस्था के नीचे स्थित एसबीआई के एटीएम बूथ पर पैसे निकालने पहुंचे बुजुर्ग राजेश जोशी से ठगी की वारदात सामने आई थी. आरोपियों ने मदद के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया और खाते से 55 हजार रुपये निकाल लिए थे. बैंक से मैसेज आने के बाद पीड़ित ने परदेशीपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर रोहित सिंह भदौरिया निवासी भिंड, हर्षवर्धन चौहान निवासी उत्तर प्रदेश और अंकित सिंह परिहार निवासी मैनपुरी को गिरफ्तार कर लिया था. पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने इसी तरह शहर के अन्य इलाकों में भी दो और बुजुर्गों को निशाना बनाया था. एडीसीपी अमरेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपियों से वारदात में उपयोग की गई गाड़ी भी जब्त कर ली है. तथा बैंक ट्रांजेक्शन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है. आशंका है कि गिरोह ने इंदौर के अलावा आसपास के जिलों में भी ऐसी वारदातें की हो सकती हैं, इसलिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.
