भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान तेज करते हुए रतलाम और गुना जिलों में बड़ी सफलताएँ हासिल की हैं। दो अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने 26 लाख रुपये से अधिक के मादक पदार्थ और वाहन जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रतलाम जिले में ढोढर चौकी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ढोढर क्षेत्र के कलालिया फंटा के पास घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से लगभग 200 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसी तरह गुना जिले में मृगवास थाना पुलिस ने राजस्थान से स्मैक की तस्करी कर रहे एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया। कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार कर 51.50 ग्राम स्मैक और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 6 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
