धर्मशाला में ठहरकर लिखी थी डकैती की पटकथा, दो गिरफ्तार 

जबलपुर। पनागर थाना अंतर्गत सोनिया ज्वेलर्स के पीछे गली जयप्रकाश वार्ड पनागर कमानिया गेट के पास 16 दिसम्बर की रात्रि सोने चांदी के जेवरों से भरे थैले लूट कर भागे डकैतों में से दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर रिमांड लिया इसके बाद पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने जबलपुर में आकर एक धर्मशाला में ठहरकर डकैती की पटकथा लिखी थी। आरोपियों के कब्जे से सोने चांदी के जेवर कीमती लगभग 30 लाख रूपये के घटना में प्रयुक्त 2 दुपहिया वाहन एवं 1 मोबाईल जप्त किया गया है।

पुलिस ने आज खुलासा किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रयागराज में दबिश देते हुये आरोपी दीपक त्रिपाठी, नागपुर में दबिश देते हुये गोविन्द पाण्डे उर्फ कान्हा को पकडा जाकर थाना पनागर लाया गया। दोनों से पूछताछ करने पर दोनों के द्वारा लगातार गुमराह करने का प्रयास किया गया सघन पूछताछ करने पर दोनो ने वीरेन्द्र यादव का फरारी के दौरान जबलपुर में भेड़ाघाट स्थित धर्मशाला में आकर रूकना एवं भूरा ज्वेलर्स की रैकी करने की बात बताये। वीरेन्द्र यादव द्वारा रैकी कर सूचना देने पर वीरेन्द्र द्वारा ही चुराई हुई तीन मोटर साईकिल से 14 दिसंबर 2025 को प्रतापगढ से रवाना होकर 15 दिसम्बर की शाम को पनागर आकर लूट की योजना बनाना किन्तु डायल 112 पुलिस के मौके पर आ जाने के कारण लूट की घटना को अंजाम न देने की बात बताये । दूसरे दिन 16 दिसम्बर की शाम को पुनः सभी 06 आरोपियों के द्वारा भूरा सोनी एवं उसके लड़के कान्हा सोनी के साथ तीन थैलों मे भरे सोने चांदी के जेबरात लूटकर ले जाना बताये है । दोनों आरेापियों को प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार कर दोनों का पुलिस रिमाण्ड प्राप्त किया गया।पूछताछ के दौरान इंद्राना के पास ग्राम बनखेड़ी मनका पहाड़ी के घने जंगल में हिस्सा बटबारे के बाद अपने अपने हिस्से मे मिले सोने चांदी के जेवरातों को जंगल में गड्ढा खोदकर गड्ढों में आभूषण में छिपाना बात बताये ।

आरोपी दीपक त्रिपाठी की निशादेही पर 98 ग्राम सोने के एवं चांदी के 1906 ग्राम वजनी जेवर तथा नगदी रकम 1 लाख रूपये एवं घटना मे प्रयुक्त बिना नंबर की सुपर स्पेलेण्डर मोटर साईकिल तथा आरोपी गोविन्द पाण्डे की निशादेही पर 54 ग्राम सोने के एवं 1104 ग्राम चांदी के जेवरात एवं अपाचे मोटर साईकिल बिना नंबर की जप्त की गयी है।

एक आरोपी प्रतापगढ़ में कर चुका सरेंडर

प्रकरण का एक आरोपी वीरेन्द्र यादव घटना के उपरांत जबलपुर पुलिस से बचने के लिये थाना जेठवारा जिला प्रतापगढ के एक अन्य अपराध में जिला प्रतापगढ न्यायालय मे सरेंडर कर दिया जो वर्तमान में जिला जेल प्रतापगढ मे बंद है जिसका प्रोटेक्शन वारंट प्राप्त कर आरोपी की गिरफ्तारी की प्रकिया प्रांरभ की गयी है ।आरोपी रवि पासी, सत्यम तिवारी एवं रंजीत यादव की सरगर्मी से तलाश में टीमे रवाना है।

Next Post

सीवियर कोल्ड-डे की चपेट में नौगांव: पारा @ 1°C के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर

Mon Jan 5 , 2026
छतरपुर। जिले का नौगांव सोमवार को प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान गिरकर मात्र 1.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि खजुराहो में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भीषण ठंड के चलते नौगांव सीवियर कोल्ड-डे की स्थिति में है, लेकिन इसके बावजूद […]

You May Like