थाने पर राहुल के धरने को राष्ट्र गीत का अपमान कर मुंह छिपाती कांग्रेस के नेता का नया ड्रामा बताया भाजपा ने

नयी दिल्ली, 21 अगस्त (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को राजधानी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संसद मार्ग थाने पर धरने पर बैठने की तीखी आलोचना करते हुए उसे उनका एक ‘ नया ड्रामा ‘ बताते हुए कहा कि ‘वंदे मातरम्..’ के अपमान के मामले में देश भर में चारों ओर से घिर चुकी कांग्रेस के नेता जनता का ध्यान भटकाने का असफल प्रयास कर रहे हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता जय प्रकाश नड्डा और रविशंकर प्रसाद दोनों ने कांग्रेस नेता के आज के धरने की निंदा करते हुए कहा कि देश संविधान, कानून और नियमों से चलेगा न कि किसी परिवार के हठयोग से।

श्री नड्डा ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि कांग्रेस पार्टी राष्ट्र गीत के अपमान के मुद्दे पर चारोंओर से घिर चुकी है और वंदे मातरम के विषय में जनता उससे जवाब मांग रही है। कांग्रेस के लिए इस मुद्दे पर मुंह छिपाना मुश्किल हो रहा है इस लिए श्री गांधी फिर इस तरह के काम पर उतर आये। उन्होंने कहा, ‘ श्री गांधी का यह कृत्य ‘न तो किसी को न्याय दिलाने के लिए है और न ही जांच के लिए है बल्कि राष्ट्र गीत के अपमान में फंसी कांग्रेस पार्टी का असल मुद्दे से लोगों का ध्यान भटकाने का एक नया ड्रामा है।”
श्री नड्डा ने संसद में गतिरोध के लिए भी कांग्रेस पर हमला बाेलते हुए कहा कि गृह मंत्री ने 20 जुलाई को विद्यार्थियों के आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई पर विस्तार से चर्चा की चुनौती दी थी लेकिन कांग्रेस को सदन पटल पर जवाब देने की हिम्मत नहीं हुई और वह चर्चा से भाग खड़ी हुई।

उन्होंने आज के श्री राहुल गांधी के धरने को ‘ध्यान भटकाने और सुर्खिया बंटोरने की सस्ती राजनीति’ बताते हुए कहा कि उच्चतम न्यायालय ने राजधानी में 20 तारीख की घटनाओं की विस्तृत जांच के लिए जब एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश के नेतृत्व में पांच सदस्यीय समिति बना दी है तो राहुल जी को आज इस तरह का ड्रामा करने की क्या सूझी? उन्होंने कहा कि इससे तो यही लगता है कि उन्हें देश की सर्वोच्च अदालत में आस्था नहीं है और उन्होंने यह सब ‘ अपने को सुर्खियों में बनाये रखने के लिए किया है।” श्री नड्डा ने कहा कि आज भी श्री गांधी को संसद मार्च थाने पर पहुंचने के बाद दिल्ली पुलिस के उपायुक्त रैंक के एक अधिकारी ने समझा दिया था कि 20 जुलाई के सभी मामलों की क्राइम ब्रांच सघन जांच कर रही है और उन्होंने (श्री गांधी) ने जो मामला प्रस्तुत किया है उसे भी जांच के लिए दे दिया जाएगा। लेकिन ‘अपने हठ और हताशा’ में वह वहां धरने पर बैठ गये।

उन्होंने कांग्रेस को ‘परजीवी’ बताने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक वक्तव्य का उद्घरण देते हुए कहा कि कांग्रेस पराश्रित हो चुकी है, वह जिस दल का सहारा लेती है उसे नष्ट कर देती है । वह देश के विद्यार्थियों और युवाओं के भविष्य को भी खत्म करना चहती है। भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री श्री नड्डा ने स्पष्ट कहा, ‘ यह देश संविधान और कानून से चलेगा, किसी परिवार की हठधर्मिता से नहीं।” उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की राजनीति को अच्छी तरह समझ चुकी है।

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने श्री गांधी के धरने को ‘ बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’ बताते हुए कहा कि ‘राहुल गांधी अराजकता की राजनीति कर रहे हैं। इस समय वह बिना अनुमति या पूर्व सूचना के संसद मार्ग थाने के बाहर धरने पर बैठे हैं। पुलिस ने उन्हें बताया है कि जिस घटना का वह जिक्र कर रहे हैं, उस पर पहले ही एफआईआर दर्ज हो चुकी है और उसकी जांच की जा रही है। सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले की जांच के लिए एक उच्चाधिकार प्राप्त समिति का गठन किया है।” श्री प्रसाद ने सवाल किया, ” राहुल गांधी, क्या आप किसी कानून का सम्मान नहीं करना चाहते? हमें संदेह है और हम आरोप लगाते हैं कि कांग्रेस अब राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ को लेकर अपने रुख के कारण मुश्किल में फंस गई है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस इस समय जो कुछ कर रही है, हम उसकी निंदा करते हैं।”

.....

Next Post

भोपाल में खाद्य विभाग ने बीयर बार-रेस्टोरेंट से दूषित सामग्री की जब्त

Fri Aug 21 , 2026
भोपाल। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्री के खिलाफ कार्रवाई की। रानी कमलापति स्टेशन स्थित बंसल वन भवन में संचालित बीयर बार और रेस्टोरेंट समेत फर्जी कैफे, फ्लाइंग बार और अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान दूषित खाद्य सामग्री जब्त की गई और जांच […]

You May Like