ईडी की बड़ी कार्रवाई, लंदन में 150 करोड़ की संपत्ति अटैच

इंदौर: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने करोड़ों के बैंक घोटाले में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लंदन में स्थित एक हाई वैल्यू संपत्ति को अस्थायी रूप से अटैच किया है. यह संपत्ति यूनाइटेड किंगडम के पॉश इलाके बकिंघम पैलेस के पास स्थित है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 150 करोड़ रुपए बताई जा रही है. कार्रवाई भारतीय बैंकों से लगभग 1400 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के मामले में की गई है.

ईडी की अधिकृत जानकारी के अनुसार, यह संपत्ति आरोपी नितिन कुमार कासलीवाल के पारिवारिक नियंत्रण में थी और जटिल विदेशी ट्रस्ट व कंपनियों के नेटवर्क के जरिए छिपाई गई थी. जांच में सामने आया कि आरोपी ने भारतीय बैंकों से लिए गए कर्ज की राशि को विदेशों में निवेश के नाम पर बाहर भेजा और उसी धन से विदेशों में अचल संपत्तियां खरीदी गईं. जांच एजेंसी ने 23 दिसंबर 2025 को धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत तलाशी की कार्रवाई की थी, जिसमें कई अहम दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए थे. इनके विश्लेषण में खुलासा हुआ कि आरोपी ने ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स, जर्सी और स्विट्जरलैंड जैसे टैक्स हेवन देशों में ट्रस्ट और कंपनियों का जाल बिछाया था.

लोन की राशि को विदेशी निवेश दिखाकर बाहर भेजा
इसी कड़ी में आरोपी ने कैथरीन ट्रस्ट नाम का एक ट्रस्ट बनाया गया, जिसके लाभार्थी आरोपी और उसके परिजन हैं. यह ट्रस्ट विदेशी कंपनियों के माध्यम से लंदन की इस संपत्ति का मालिकाना हक रखता था. ईडी की जांच में यह भी सामने आया कि बैंक धोखाधड़ी की रकम को विदेशी निवेश दिखाकर भारत से बाहर भेजा और बाद में उसे निजी ट्रस्ट और शेल कंपनियों के जरिए छिपाया गया. फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और एजेंसी अन्य विदेशी संपत्तियों व लेनदेन की भी पड़ताल कर रही है.

Next Post

दूषित पानी कांड से सबक लेकर आगे बढ़ें

Mon Jan 5 , 2026
इंदौर: दूषित जल से इंदौर में मौत के तांडव के बाद यह शहर अपने आप में पहली तरह के संकट के दौर से गुजर रहा है. इंदौर ने कई संकट देखे हैं. यहां जहरीला शराब कांड भी हुआ है. सांप्रदायिक दंगों का सामना भी शहर ने किया है.यहां बावड़ी कांड […]

You May Like