दूषित पानी कांड से सबक लेकर आगे बढ़ें

इंदौर: दूषित जल से इंदौर में मौत के तांडव के बाद यह शहर अपने आप में पहली तरह के संकट के दौर से गुजर रहा है. इंदौर ने कई संकट देखे हैं. यहां जहरीला शराब कांड भी हुआ है. सांप्रदायिक दंगों का सामना भी शहर ने किया है.यहां बावड़ी कांड भी हुआ है जिसने हम सबको हिला कर रख दिया था. यहां शराबी ट्रक चालक ने बेकसूर लोगों की जान भी ली है. और भी ऐसे कई अवसर आए हैं जब हमें चुनौतियों का सामना करना पड़ा है. हाल ही में हुआ दूषित पेयजल कांड इंदौर के लिए एक सबक है. यह टीस लंबे समय तक इस शहर को सताती रहेगी .इस घटना से हमें सीख लेकर अब आगे बढ़ाना है.

देश का सबसे स्वच्छ शहर इंदौर जनभागीदारी की ताकत से हर छोटे-बड़े संकट को पार करता आया है. इंदौर ने जब-जब किसी भी प्रकार का संकट देखा है, तब-तब शहर की छवि को सामने रखकर, एकजुट होकर उस संकट से बाहर निकलने का रास्ता भी चुना है. भागीरथपुरा में गंदा पानी पीने से लोगों की मृत्यु होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और हृदय विदारक है. इस घटना से न केवल कई परिवारों का संसार उजड़ गया, बल्कि शहर की वर्षों में बनी छवि को भी गहरा आघात पहुँचा है. अब इस छवि को सुधारना और यह सुनिश्चित करना कि हर नागरिक को स्वच्छ और सुरक्षित पानी मिले- इसी दिशा में सामूहिक प्रयास ही आगे की सही राह है.

यह भी सत्य है कि केवल इंदौर ही नहीं, बल्कि देश के हर शहर में गंदे पानी से जुड़ी शिकायतें पोर्टलों पर दर्ज होती रहती हैं. इन शिकायतों का समय पर निराकरण करना नगर निगम के अधिकारियों और पार्षदों की जिम्मेदारी है. यदि जिम्मेदारी में चूक न होती, तो शायद इतना बड़ा हादसा नहीं होता. भागीरथपुरा कांड समूचे देश में तंत्र की एक बड़ी विफलता का उदाहरण है जिसमें जनप्रतिनिधि और नौकरशाही दोनों जिम्मेदार हैं.

पर अब, जब जनप्रतिनिधियों ने अपनी जिम्मेदारी को स्वीकार किया है और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई हुई है, तो आवश्यकता इस बात की है कि आगे के कार्यों और भविष्य के इंदौर की सुध लेते हुए, सभी मिलकर यह सुनिश्चित करें कि लोगों को उनकी मूलभूत सुविधाएँ समय पर और सुरक्षित रूप से मिलें, और स्वच्छ इंदौर का यह सफर यूँ ही निरंतर आगे बढ़ता रहे

Next Post

ट्रेन में चोरी करने वाले दो गिरफ्तार

Mon Jan 5 , 2026
भोपाल। ट्रेन में चोरी का माल बेचने की फिराक में घूम रहे दो आरोपियों को जीआरपी भोपाल ने गिरफ्तार किया. आरोपी नशे के आदी हैं और स्टेशन में सोते हुए यात्री का बैग चोरी करते हुए दोनों को पकड़ा गया. उनके पास से जीआरपी ने महंगे आभूषण, एक महंगा मोबाईल […]

You May Like