धान महोत्सव में मुख्यमंत्री ने सिवनी को दी करोड़ों की विकास सौगात, किसानों के खातों में भेजी ₹2.82 करोड़ की प्रोत्साहन राशि

सिवनी। मुख्यमंत्री ने बुधवार को सिवनी के पॉलिटेक्निक मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय धान महोत्सव एवं किसान सम्मेलन में जिले को विकास की बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर लगभग ₹494 करोड़ की लागत के 629 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया तथा प्रदेश के 3,941 कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों के बैंक खातों में ₹2.82 करोड़ की प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की गई।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मध्यप्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने और श्रीअन्न (मिलेट्स) को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष बताते हुए किसानों से आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और श्रीअन्न के उत्पादन में वृद्धि करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिवनी जिले के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। सड़क, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत लाभ वितरित किए गए तथा कृषि, प्राकृतिक खेती और श्रीअन्न उत्पादन को बढ़ावा देने संबंधी संदेश दिया गया।

मुख्यमंत्री ने किसानों से अधिक से अधिक श्रीअन्न की खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी, प्रदेश की कृषि और अधिक सशक्त होगी तथा मध्यप्रदेश देश के अग्रणी कृषि राज्यों में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।

Next Post

मंत्रिमंडल की कानपुर को भोपाल से जोड़ने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के निर्माण को मंजूरी

Wed Jul 1 , 2026
नयी दिल्ली, 01 जुलाई (वार्ता) सरकार ने उत्तर प्रदेश में कानपुर को मध्य प्रदेश के भोपाल आर्थिक गलियारे से जोड़ने वाली ग्रीनफील्ड एक्सेस कंट्रोल्ड राजमार्ग परियोजना के निर्माण को मंजूरी दे दी है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र […]

You May Like