
ब्यावरा। बीती रात्रि को हाईवे पर गुना रोड स्थित अरन्या चौकी के समीप बेकाबू ट्रक कार को टक्कर देते हुए पलटी खा गया. दुर्घटना में ट्रक में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रुप से घायल हो गया.
रविवार की रात्रि को यह घटना हुई. अरन्या चौकी के समीप दवाइयों से भरा ट्रक एकाएक अनियंत्रि होकर पलट गया. घटना में चालक ने दम तोड़ दिया. जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. रात लगभग 10 बजे यह घटना हुई.
तेज गति से जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खड़ी एक कार से टकराया और उसे घसीटते हुए आगे बढ़ा और पलटी खा गया. कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
केबिन में फंस गये थे चालक और क्लीनर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्र्रस्त होने से चालक और क्लीनर उसमें फंस गये. काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला तथा तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने चालक आकाश पिता कुंंवर उम्र 25 वर्ष निवासी बदरवारा, मथुरा उत्तर प्रदेश को मृत घोषित कर दिया. जबकि घायल सहायक नेनसिंह उम्र 40 वर्ष का उपचार जारी है. पुलिस के अनुसार ट्रक इंदौर से गाजियाबाद जा रहा था और उसमें फसलों में उपयोग होने वाली दवाइयों सहित अन्य सामान था. ट्रक में सवार दोनों लोग रिश्ते में काका-भतीजा बताये जाते है.
