
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल के तीनों मंडलों में यात्री टिकट बुकिंग के लिए डिजिटल भुगतान का चलन तेजी से बढ़ रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अगस्त माह में जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडलों के पीआरएस एवं यूटीएस काउंटरों पर 18 लाख 19 हजार 923 यात्रियों ने कैशलेस माध्यम से टिकट बुक किए। इस दौरान कुल 14 करोड़ 61 लाख 99 हजार 773 का डिजिटल लेन-देन दर्ज किया गया। रेलवे द्वारा यूपीआई/भीम, पीओएस मशीन और मोबाइल टिकटिंग के माध्यम से भुगतान को बढ़ावा दिया जा रहा है।आंकड़ों के अनुसार पीआरएस में पीओएस मशीन से ₹8.95 लाख और यूपीआई/भीम से ₹5.72 करोड़ का राजस्व मिला। वहीं यूटीएस में मोबाइल टिकटिंग से ₹2.08 करोड़ और यूपीआई/भीम के जरिए ₹6.72 करोड़ का भुगतान हुआ। रेलवे के अनुसार डिजिटल भुगतान से यात्रियों को नकदी लेकर चलने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे समय की बचत के साथ लेन-देन में पारदर्शिता भी बढ़ती है। पश्चिम मध्य रेल द्वारा तीनों मंडलों में कैशलेस भुगतान को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान और तकनीकी सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है।
