अनियंत्रित होकर बाइक गिरी, दो की मौत 

बैतूल। सारणी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। पिपरी गांव के दो दोस्तो की ओवर स्पीडिंग के कारण बाइक अनियंत्रित होने से मौत हो गई। घटना धंसेड विक्रमपुर घोघरी के पास हुई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। मृतकों की पहचान पिपरी निवासी शुभम पिता कानूलाल (22) और श्याम पिता अशोक गंजाम (18) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि दोनों एक ही बाइक से किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान विक्रमपुर घोघरी के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि शुभम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, श्याम गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल घोड़ाडोंगरी अस्पताल ले जाया गया। घोड़ाडोंगरी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद श्याम की हालत नाजुक होने पर उसे बैतूल जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। हालांकि, जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही श्याम ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मृतक श्याम का पोस्टमॉर्टम शनिवार को परिजनों की उपस्थिति में बैतूल जिला चिकित्सालय में कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। दूसरे मृतक शुभम का पोस्टमॉर्टम घोड़ाडोंगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया है। रानीपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमरे के मुताबिक, घटना सारणी थाना क्षेत्र में हुई है, लेकिन मृतक रानीपुर क्षेत्र के निवासी थे।

Next Post

मप्र कांग्रेस एससी विभाग की नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी ने संभाला पदभार, भाजपा पर संविधान और सामाजिक न्याय कमजोर करने का आरोप

Sat Jan 3 , 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति (एससी) विभाग की नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी ने शनिवार को यहां गरिमामय समारोह में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी और महेंद्र बौद्ध तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कई वरिष्ठ […]

You May Like