
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति (एससी) विभाग की नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी ने शनिवार को यहां गरिमामय समारोह में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी और महेंद्र बौद्ध तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार डॉ. भीमराव अंबेडकर और महात्मा गांधी द्वारा स्थापित संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और समानता को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए देशव्यापी आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस सावित्रीबाई फुले के विचारों पर चलते हुए वंचित वर्गों के सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
कांग्रेस ने इंदौर की हालिया घटना को लेकर राज्य सरकार को कड़ी चेतावनी देते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के इस्तीफे और महापौर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। कार्रवाई न होने पर 11 जनवरी को इंदौर में लोकतांत्रिक आंदोलन की घोषणा की गई।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि पूर्व कांग्रेस सरकार के दौरान दलित और आदिवासी परिवारों को दिए गए भूमि पट्टों पर भाजपा नेताओं ने अवैध कब्जा कर लिया है। वहीं, एससी विभाग के अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने बाबा साहब डॉ. अंबेडकर के अपमान की घटनाओं की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस किसी भी सूरत में इसका विरोध करेगी।
