जबलपुर: जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर परिसर में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, छात्रावास, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अव्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के पदाधिकारियों द्वारा आंखों में काली पट््रटी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों का स्पष्ट संदेश था कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की समस्याओं और सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर अपनी आँखें बंद कर रखी हैं।
जिला अध्यक्ष सचिन रजक के नेतृत्व में इस दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कुलगुरु को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय परिसर में समुचित सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने, सीसीटीवी निगरानी को प्रभावी बनाने, त्वरित शिकायत निवारण तंत्र स्थापित करने की मांग की गई। साथ ही छात्रावासों की बदहाल स्थिति पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। वहीं एनएसयूआई ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन छात्रहित में आंदोलन को और अधिक व्यापक स्तर पर ले जाने के लिए बाध्य होगा। ।
