
सतना। नए साल के पहले दिन सतना जिले में स्थित चित्रकूट, बिरसिंहपुर सहित विभिन्न छोटे-बड़े धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने आस्था और उत्साह के साथ भगवान के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। जिला प्रशासन की बेहतर व्यवस्थाओं के कारण श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा और दर्शन सुगमता से संपन्न हुए। चित्रकूट में कामदगिरि परिक्रमा, मंदाकिनी नदी में स्नान और विभिन्न मंदिरों में पूजन के लिए दूर-दराज से आए श्रद्धालु जुटे। इसी तरह बिरसिंहपुर गैवीनाथ धाम और जिले के अन्य मंदिरों जैसे वेंकटेश मंदिर, पशुपतिनाथ मंदिर, संतोषी माता, रामवन में विशाल हनुमान दर्शन स्थल पर भी भक्तों का तांता लगा रहा। नए साल की शुरुआत आध्यात्मिक वातावरण में करने के लिए लोग सुबह से ही मंदिरों में पहुंचने लगे थे। भक्त श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने पहले से ही विशेष इंतजाम किए थे। सुरक्षा बलों की तैनाती, कतार व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के कारण सब कुछ सुचारु रूप से चला। श्रद्धालुओं ने प्रशासन की तैयारियों की सराहना की और कहा कि अच्छी व्यवस्था से वे आसानी से दर्शन कर सके। नए साल पर धार्मिक स्थलों की यह रौनक सतना जिले की आध्यात्मिक परंपरा को दर्शाती है।
