नयी दिल्ली, 14 अगस्त (वार्ता) स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले राजधानी में कई जगहों पर बम की धमकी वाले ईमेल मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गयी हैं।
दिल्ली उच्च न्यायालय , इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (आईजीआईए ) के टर्मिनल तीन और कई सरकारी दफ्तरों को शुक्रवार को ईमेल के ज़रिए बम की धमकी मिली।
सुबह करीब 11:18 बजे दिल्ली कैंटोनमेंट में उप जिलाधिकारी (एसडीएफ) कार्यालय को पहला धमकी भरा ईमेल मिला। इसके बाद सुबह 11:32 बजे आईजीआई हवाई अड्डा के टर्मिनल-तीन को धमकी मिली। सुबह करीब 11:40 बजे जामनगर हाउस को भी ऐसी ही धमकी मिली, जबकि साकेत के एक दफ्तर को सुबह 11:42 बजे धमकी मिली। कई अन्य जगहों पर भी धमकी भरे ईमेल भेजे गए, जिनमें दिल्ली उच्च न्यायालय को भेजा गया ईमेल भी शामिल था।
दिल्ली उच्च न्यायालय को अपराह्न 2:11 बजे धमाके की धमकी मिली थी। धमकियों की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने दूसरी एजेंसियों के साथ मिलकर सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए। प्रभावित जगहों पर बम निरोधक दस्ते, खोजी कुत्तों की टीमें, दमकल सेवा और स्थानीय पुलिस बल तैनात किए गए। दिल्ली उच्च न्यायालय परिसर समेत सभी जगहों पर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान भी चलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमकियां झूठी निकलीं, क्योंकि किसी भी जगह पर कोई संदिग्ध चीज़ या विस्फोटक नहीं मिला।
