जबलपुर: पाटन विधानसभा अंतर्गत आने वाले नीची में इन दिनों अवैध शराब के कारोबार ने ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों का जीना दूभर कर दिया है। नूनसर पुलिस और जिला प्रशासन की अनदेखी से नाराज ग्रामीण महिलाओं ने जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष व पूर्व विधायक संजय यादव से अपनी पीड़ा बयां की और न्याय की गुहार लगाई।
ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि गांव में शराब माफिया के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे स्कूल परिसर को अपनी मधुशाला बना चुके हैं। असामाजिक तत्व दिन-दहाड़े स्कूल के भीतर बैठकर शराब पीते हैं। इस वजह से स्कूल का शैक्षणिक माहौल पूरी तरह बर्बाद हो चुका है और छोटे-छोटे नौनिहाल भारी दहशत और भय के माहौल में स्कूल जाने को मजबूर हैं।
पूर्व विधायक को अपनी आपबीती सुनाते हुए महिलाओं की आंखें भर आईं। उन्होंने कहा कि गांव के मजदूर वर्ग के पुरुष दिनभर मेहनत करते हैं, लेकिन शाम को गाढ़े पसीने की पूरी कमाई अवैध शराब में फूंक देते हैं। इसके बाद नशे में धुत होकर वे घर पहुंचते हैं और अपनी पत्नियों व बच्चों के साथ मारपीट करते हैं। महिलाओं ने कहा कि वे इस संबंध में कई बार नूनसर थाना, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के दफ्तर के चक्कर काट चुकी हैं, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिले हैं।
संजय यादव ने जिला प्रशासन और पुलिस कप्तान से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से अवैध शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।स्कूल परिसर को अपवित्र करने वाले और तस्करों को संरक्षण देने वालों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई हो। यदि पुलिस ने समय रहते कदम नहीं उठाया, तो कांग्रेस पूरी ग्रामीण जनता के साथ मिलकर आंदोलन के लिए सड़क पर उतरेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
