रोहित ने किया अभ्यास, किशन और रेड्डी ने अभ्यास सत्र में किया प्रभावित

मोहाली, 11 जून (वार्ता) बीसीसीआई के सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस (सीओई) से फ़िट घोषित होने के बाद रोहित शर्मा ने भारतीय वनडे टीम के साथ मोहाली के वैकल्पिक अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। भारतीय टीम गुरुवार को धर्मशाला रवाना होगी, जहां उन्हें शनिवार को अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ तीन मैचों की वनडे सीरीज़ का पहला वनडे खेलना है। बुधवार शाम जब रोहित, पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) के मोहाली स्टेडियम में पहुंचे तो सबसे पहले उन्होंने मुंबई इंडियंस के अपने पूर्व साथी ईशान किशन के साथ हल्की दौड़ लगाई। थोड़ा सा वार्मअप करने के बाद वह, किशन और भारतीय टी20 के नए कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ बल्लेबाज़ी नेट्स में पहुंच गए।

रोहित ने सबसे पहले तेज़ गेंदबाज़ों का सामना किया। नीतीश कुमार रेड्डी की पहली गेंद ऑफ़ स्टंप के गुड लेंथ से अंदर आई और उनके पैड पर लगी। इसके बाद उन्होंने अर्शदीप सिंह और गुरनूर बराड़ की बाहर जाती गेंदों को बल्ला उठाकर जाने दिया। इसके बाद प्रिंस यादव की गेंद को वह पहली बार बल्ले से छू पाए, हालांकि यह भी बल्ले पे मिडल नहीं हुआ था और अंदरूनी किनारा लेकर मिडविकेट की ओर गया। हालांकि इसके बाद वह थोड़ी लय में आते दिखे। कुछ गेंदों पर उन्होंने रक्षात्मक और कुछ गेंदों पर आक्रामक शॉट लगाए। इस दौरान उनके बल्ले से ड्राइव, हुक, पुल, फ़्लिक, कट सहित अन्य सभी शॉट निकले, जिसमें प्रिंस के ऊपर लगाया गया उनका पसंदीदा पुल शॉट सबसे दर्शनीय था। तेज गेंदबाज़ों का सामना करने के बाद रोहित ने स्पिनरों का भी सामना किया, जिसमें भारतीय टीम में शामिल हुए युवा हर्ष दुबे सहित अन्य स्थानीय नेट्स स्पिनर शामिल थे।

रोहित ने लगभग एक घंटे तक बल्लेबाज़ी का अभ्यास किया। उनके साथ श्रेयस और किशन अलग-अलग नेट्स पर बल्लेबाज़ी करते नज़र आए। जहां श्रेयस को रोहित की तरह लय में आने में समय लगा, वहीं किशन ऐसे लगा कि वह अपनी आईपीएल की फ़ॉर्म को जैसे लेकर आए हों। उन्होंने सबसे पहले स्पिनरों का सामना किया और सीधे, आड़े सभी तरीकों से मैदान के चारों तरफ़ शॉट लगाए। आगे निकलकर गेंदबाज़ के ऊपर से लगाया गया सीधा शॉट और पैर तोड़कर लगाए गए स्लॉग स्वीप उनके कुछ दर्शनीय शॉट थे। जहां एक घंटे के बाद रोहित और श्रेयस वापस लौट गए, वहीं किशन ने अपनी बल्लेबाज़ी आधे घंटे और जारी रखी। स्पिनरों के बाद उन्होंने तेज़ गेंदबाज़ों का सामना किया और फिर थ्रोडाउन भी लिया। इस दौरान यशस्वी जायसवाल भी बगल के नेट्स में अपने टेस्ट मैचों वाले सफ़ेद और चौड़े पैड के साथ बल्लेबाज़ी करते नज़र आए।

सोमवार को समाप्त हुए टेस्ट के भारतीय एकादश में शामिल वह एकमात्र क्रिकेटर थे, जो इस अभ्यास सत्र में नज़र आए। बाक़ी के खिलाड़ियों में कप्तान शुभमन गिल, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा ने इस अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं लिया। युवा स्पिन ऑलराउंडर हर्ष ने गेंदबाज़ी के साथ-साथ बल्लेबाज़ी का भी अभ्यास किया और स्पिनरों पर कुछ शानदार शॉट्स लगाए। गेंदबाज़ी में बराड़ ने अपनी लंबाई का फ़ायदा उठाते हुए कुछ बेहतरीन गेंदें की और रोहित को परेशान किया। वहीं प्रिंस यादव ने भी अपने सटीक लाइन और लेंथ से बल्लेबाज़ों को बांधे रखा। बराड़ और प्रिंस में से किसी एक का डेब्यू धर्मशाला वनडे में हो सकता है।

.....

Next Post

'वेलकम टू द जंगल’ का ट्रेलर रिलीज

Thu Jun 11 , 2026
मुंबई, 11 जून (वार्ता) बहुप्रतीक्षित हास्य फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। करीब चार मिनट 16 सेकंड लंबे इस ट्रेलर में हास्य, एक्शन, रोमांच और बड़ी कलाकार मंडली का भरपूर तड़का देखने को मिलता है। ट्रेलर की शुरुआत एक ऐसी टीम से होती है, […]

You May Like