नुवान तुषारा ने श्रीलंका क्रिकेट के ख़िलाफ दायर मुकदमा वापस लिया

कोलंबो, 23 अप्रैल (वार्ता) श्रीलंका के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा ने श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) के ख़िलाफ दायर अपना मुक़दमा वापस ले लिया है। उन्होंने यह केस कुछ सप्ताह पहले तब किया था जब एसएलसी ने उन्हें आईपीएल 2026 में खेलने के लिए एनओसी देने से इनकार कर दिया था। तुषारा इस सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का हिस्सा हैं, लेकिन 31 साल के इस गेंदबाज की जगह अब तक किसी रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं हुआ है। तुषारा ने कोलंबो डिस्ट्रिक्ट कोर्ट को बताया कि वह अपना केस वापस लेना चाहते हैं, क्योंकि आईपीएल का एक बड़ा हिस्सा अब तक खेला जा चुका है। ईएसपीएन क्रिकइंफो की जानकारी के अनुसार उन्होंने पिछले हफ्ते एसएलसी को लिखित माफीनामा भी भेजा था और मुकदमा वापस लेने की इच्छा जताई थी।

अपने शुरुआती कोर्ट आवेदन में तुषारा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की इच्छा भी जताई थी। फिलहाल यह साफ़ नहीं है कि वह फै़सला बरकरार है या नहीं। एसएलसी के नए फ़िटनेस नियमों के तहत, जब तक वह न्यूनतम मानकों पर खरे नहीं उतरते, चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। तुषारा को एनओसी इसलिए नहीं दिया गया था क्योंकि वह एसएलसी के फिटनेस मानकों को पूरा नहीं कर पाए थे। उन्होंने इस फै़सले को चुनौती देते हुए कहा था कि पहले भी ऐसे समय रहे हैं जब उनकी फ़िटनेस लगभग इसी स्तर पर थी और तब यह कोई समस्या नहीं बनी थी।

इसी विवाद के दौरान तुषारा ने संन्यास का संकेत दिया और उसके बाद मुकदमा दायर किया। उनका तर्क था कि फ़िटनेस के आधार पर एनओसी देना या न देना अनुचित है और उनके करियर पर असर डालता है। दो अप्रैल को केस दायर किए जाने के समय पर भी सवाल उठे थे, क्योंकि उस समय ईस्टर की छुट्टियां चल रही थीं और तुरंत सुनवाई संभव नहीं थी। 9 अप्रैल को मामला फिर से सुना गया, जहां एसएलसी ने आपत्ति दर्ज कराने की बात कही। आख़िरकार 23 अप्रैल को केस खारिज हो गया। तुषारा ने अब तक 30 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, सभी टी 20 में। वह IPL 2024 में मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे और 2025 में आरसीबी से जुड़े थे।

Next Post

राउंडग्लास हॉकी एकेडमी के प्रिंसदीप भारतीय हॉकी शिविर, तीन अंडर18 खिलाड़ी एशिया कप शिविर में शामिल होंगे

Thu Apr 23 , 2026
चंडीगढ़, 23 अप्रैल (वार्ता) राउंडग्लास हॉकी एकेडमी (आरजीएचए) के चार खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का बुलावा मिला है।गोलकीपर प्रिंसदीप सिंह को 36-सदस्यीय सीनियर पुरुष राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के लिए चुना गया है, जबकि अर्शदीप सिंह, वरिंदर सिंह और अर्जनदीप सिंह को आने वाले अंडर18 पुरुष एशिया कप की […]

You May Like