
सलामतपुर। मध्यप्रदेश वेअरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन के शाखा प्रबंधक और फील्ड स्टाफ ने अनाज भंडारण में लॉस-गेन के नए मापदंड तय करने की मांग को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो वे 3 दिसंबर 2025 से सामूहिक अवकाश पर चले जाएंगे।
शुक्रवार को स्टाफ प्रतिनिधियों ने भोपाल में क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा है। इस दौरान फील्ड स्टाफ एसोसिएशन के संभागीय अध्यक्ष चैन सिंह डुडवे, संभागीय महासचिव सुनील पवार, फील्ड स्टाफ एसोसिएशन के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के सदस्य विजेन्द्र कुमार उईके एवं रायसेन जिले के जिला प्रबंधक दिलीप अर्गल, मंडीदीप शाखा प्रबंधक एमपी शर्मा, सिलवानी, गैरतगंज शाखा प्रबंधक अवधेश गौर उदयपुर शाखा प्रबंधक सनत कुमार जैन, बरेली शाखा प्रबंधक अनिल तिवारी, शाखा प्रबंधक सुल्तानपुर अश्विन पाल मौजूद रहे। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने अपनी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। और कहा है कि समाधान नही हुआ तो 3 दिसम्बर से मध्यप्रदेश वेयर हाउसिंग एवं लॉजिस्टिक कारपोरेशन के सभी शाखा प्रबंधक सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। और 5 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे। फील्ड स्टाफ एम्प्लाई एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान मापदंड अव्यावहारिक हैं, जिसके कारण शाखा प्रबंधकों और फील्ड स्टाफ को अनावश्यक दबाव और जिम्मेदारियों का सामना करना पड़ रहा है। संघ ने स्पष्ट किया कि जब तक भंडारण लॉस-गेन के वैज्ञानिक और वास्तविक मापदंड निर्धारित नहीं किए जाते, कर्मचारियों में असंतोष बना रहेगा।
