
शहडोल, 14 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के गोहपारु थाने के खाम्हा गांव में एक शिक्षक के गृह निर्माण के दौरान मिट्टी के घड़े से सोने और चांदी के सिक्के मिले हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पूरन सिंह का मकान निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मजदूरों को मिट्टी के घड़े में चांदी और सोने के सिक्के मिले, जिसे उन्होंने बांट लिया। एक असन्तुष्ट मजदूर की कानाफूसी के बाद पूरन सिंह ने गोहपारू पुलिस को सूचना दी, तो पुलिस ने तीनों मजदूरों से 51 चांदी के और 2 सोने के सिक्के बरामद किए हैं। पुलिस का अनुमान है कि 50 सिक्के मजदूरों ने पार कर दिए हैं, जिसके लिए तीनों मजदूरों से पूछताछ जारी है। विशेषज्ञ इसे मध्यकालीन मुद्रा बता रहे हैं। मामला दर्ज कर लिया गया है।
