नियो ग्रुप ने अनिर्बाण बनर्जी को सह-संस्थापक और चीफ पीपल एंड ट्रांसफॉर्मेशन ऑफिसर नियुक्त किया

मुंबई, 27 जुलाई (वार्ता) परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी नियो ग्रुप ने श्री अनिर्बाण बनर्जी को सह-संस्थापक और चीफ पीपल एंड ट्रांसफॉर्मेशन ऑफिसर नियुक्त करने की घोषणा की है। कंपनी ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस नियुक्ति के साथ उसने अपने समूह नेतृत्व को और मजबूत किया है, क्योंकि वह अपने परिसंपत्ति प्रबंधन प्लेटफॉर्म का विस्तार करने तथा दीर्घकालिक संस्थागत क्षमताओं में निवेश करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। श्री बनर्जी नियो ग्रुप की मानव संसाधन रणनीति, प्रतिभा विकास, नेतृत्व क्षमता निर्माण, संगठनात्मक संरचना, कार्य संस्कृति तथा कंपनी में बड़े बदलाव से जुड़े एजेंडे का नेतृत्व करेंगे।

मानव संसाधन नेतृत्व के क्षेत्र में दो दशकों से अधिक का अनुभव रखने वाले श्री बनर्जी इससे पहले अवेंडस ग्रुप में मुख्य मानव संसाधन अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। उससे पहले वह 360 वन (पूर्व में आईआईएफएल वेल्थ) की नेतृत्व टीम का हिस्सा रहे, जहां उन्होंने कंपनी के शुरुआती वर्षों में मानव संसाधन विभाग की स्थापना और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्तमान में नियो ग्रुप ‘एसेट्स अंडर एडवाइस’ और ‘एसेट्स अंडर मैनेजमेंट’ के तहत कुल लगभग 1.3 लाख करोड़ रुपये की ग्राहक परिसंपत्तियों का प्रबंधन करता है। समूह फैमिली ऑफिसेज, अति धनाढ्य लोगों, धनाढ्य लोगों, संस्थागत ग्राहकों और कंपनियों को परिसंपत्ति प्रबंधन और वैकल्पिक निवेश जैसी सेवाएं प्रदान करता है।

कंपनी की मौजूदगी 30 से अधिक स्थानों पर है और इसके साथ लगभग 850 पेशेवर कार्यरत हैं।
नियो ग्रुप के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक नितिन जैन ने कहा कि श्री चटर्जी ने इस उद्योग में प्रतिष्ठित संस्थानों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। लोगों और संगठनात्मक परिवर्तन के क्षेत्र में उनका अनुभव नियो को विकास के अगले चरण में नयी मजबूती प्रदान करेगा। उनका सह-संस्थापक के रूप में कंपनी साथ जुड़ना उस उद्यमशील स्वामित्व भावना का प्रतीक है, जिस पर नियो का निर्माण हुआ है। श्री बनर्जी ने अपनी नियुक्ति पर कहा, “मुझे नियो की ओर सबसे अधिक आकर्षित करने वाली बात यह है कि यहां एक ऐसे संस्थान के निर्माण का अवसर है, जहां स्वामित्व की भावना के साथ काम किया जाता है और जहां लोग, कार्य संस्कृति तथा परिवर्तन केवल सहयोगी कार्य नहीं, बल्कि कंपनी की विकास यात्रा की बुनियाद हैं। मैं नेतृत्व टीम के साथ मिलकर नियो के अगले विकास चरण को आकार देने के लिए उत्साहित हूं।”

.....

Next Post

सौ साल बाद भी प्रासंगिक है गांधी का सत्याग्रह : वांगचुक

Mon Jul 27 , 2026
नयी दिल्ली, 27 जुलाई (वार्ता) पर्यावरण कार्यकर्ता एवं शिक्षाविद् सोनम वांगचुक ने सोमवार को कहा कि एक बार फिर यह साबित हो गया है राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अहिंसा और शांति का रास्ता 100 साल बाद भी प्रासंगिक है तथा आने वाले हज़ारों साल तक रहेगा। श्री वांगचुक ने सोमवार […]

You May Like