
नकाबपोश लुटेरों ने चाकू अड़ाकर मोबाइल, नगदी लूटी
जबलपुर। पुराने साल की लूट नए साल में दर्ज की गई। दरअसल घड़ी की सुई जैसे ही 12 बजे पर पहुंची तो एक सेकंड में सन् 2024 की विदाई हो गई इसके साथ ही नये साल 2025 आ गया। पुराने साल की विदाई और नए साल के आगमन के पहले संजीवनी नगर थाना अंतर्गत अंधमूक बायपास में नकाबपोश लुटेरों ने चाकू अड़ाकर मोटर सायकिल सवार युवकों से मोबाइल, नगदी लूट ली। यह वारदात 31 दिसम्बर 2024 की रात्रि दस बजे हुई जिसकी कायमी 1 जनवरी 2025 में हुई।
पुलिस के मुताबिक महेश ठाकुर पिता द्वारका प्रसाद ठाकुर निवासी लोहरी सूखा थाना पाटन का मंगलवार को अपने साथी राकेश पटेल के साथ मोटर सायकिल क्रमांक एमपी 20 एमबी 4002 से मेडिकल से लौट रहा था। तिलवारा में बाइक में पेट्रोल डलवाने के बाद दोनों पगलापुर पहुुंचे थे जहां दोनों ने शराब पीए। इसके बाद अंधमूक बायपास होते हुए घर लौट थे तभी रात्रि दस बजे एचपी पेट्रोल पंप के पास बायपास पर जैसे ही पहुंंचे तभी बिना नंबर की बाइक से तीन नकाबपोश लुटेरे पहुंचे और उनकी बाइक के सामने गाड़ी अड़ा दी, दो लुटेरों ने महेश को घेर लिया जबकि तीसरे ने राकेश पर चाकू अड़ा दिया और धमकाने लगा। इसके बाद महेश का मोबाइल, नगद 1320 रूपए लूट लिए। इसके बाद बदमाश भाग गये। लुटेरों की उम्र 20 से 30 वर्ष के आसपास होगी। पुलिस ने रिपोर्ट पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर पतासाजी शुरू कर दी है।
आबकारी एक्ट के तहत दर्ज हुआ पहला अपराध
जबलपुर। नए साल की पहली कायमी घमापुर थाने में हुई है। यह कायमी आबकारी एक्ट के तहत की गई। घमापुर पुलिस ने 18 पाव देशी मदिरा प्लेन के साथ तनवीर खान निवासी शीतलामाई को पकड़ा। जिसके खिलाफ रात्रि 12:5 बजे आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। विदित हो कि पुराने वर्ष की विदाई के साथ ही पुलिस विभाग में वर्ष 2024 का रोजनामचा समाप्त हो गया है और रात 12 बजे के बाद से नया रोजनामचा में काम शुरू हो गया है।
